हादसा . दुमका-रामपुरहाट पथ पर हुई दो अलग-अलग दुर्घटना
जिले में सड़क सुरक्षा अभियान का असर नहीं दिख रहा है. आये दिन सड़क दुर्घटनाएं हो रही है. वाहनों की अनियंत्रित रफ्तार पर लगाम नहीं लग पा रहा है. सोमवार को दुमका में अलग-अलग हादसे में एक की मौत हो गयी.
शिकारीपाड़ा : शिकारीपाड़ा थाना क्षेत्र के दुमका-रामपुरहाट मुख्य सड़क पर दो अलग-अलग सड़क दुर्घटना में एक की व्यक्ति की मौत हो गयी, जबकि पांच अन्य घायल हो गये. मुख्य सड़क पर नांगलभंगा मोड़ के पास एक ऑटो अनियंत्रित होकर पलट गया. जिसमें धर्मपुर निवासी 40 वर्षीय बाबुर्जी हेंब्रम की मौत हो गयी तथा गोपालपुर निवासी भाईराम हांसदा, टोंगरा ओपी के वृंदावनी के लखन दास व बैजल मरांडी घायल हो गये. सूचना मिलते ही पुलिस घटना स्थल पर पहुंची.
घायलों को मोहुलपहाड़ी मसीही अस्पताल में भरती कराया गया. शव को पुलिस ने अपने कब्जे में लेकर थाना ले आयी. प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार तेतुलबांध रामपुरहाट में रिश्तेदार के घर से ऑटो द्वारा 13-14 आदमी वापस आ रहे थे. नांगलभंगा के पास अनियंत्रित होकर ऑटो दुर्घटनाग्रस्त हो गयी. जिसमें एक व्यक्ति की मौत व तीन व्यक्ति घायल हो गये. दूसरी घटना में गिट्टी लदा एक ट्रक दुमका की ओर जा रहा था. चायपानी के समीप अनियंत्रित होकर पेड़ से टकरा गया. टक्कर इतनी जोर की थी की पेड़ को तोड़ते हुए सड़क के किनारे पलट गया. जिसमें चालक व खलासी घायल हो गये.
