बासुकिनाथ : स्वच्छ भारत मिशन के तहत गांव-गांव में व्यक्तिगत शौचालय का निर्माण कराया जा रहा है. जरमुंडी प्रखंड रायकिनारी पंचायत के लोहारती गांव के ग्रामीणों ने व्यक्तिगत शौचालय स्वयं निर्माण कराने का निर्णय लिया है. पेयजल एवं स्वच्छता विभाग के कार्यपालक अभियंता एवं प्रखंड विकास पदाधिकारी को ग्रामीणों ने हस्ताक्षरित आवेदन देकर स्वयं शौचालय निर्माण हेतु लाभुकों के खाते में राशि स्थानांतरण कराने की मांग की है.
ग्रामीण ग्राम प्रधान जयचंद्र महतो, वार्ड सदस्य गीता देवी, सुभाष यादव, प्रसादी यादव, प्रदीप यादव, समरी देवी, मकुनी देवी, सुनीता देवी, रंजीत महतो, बबीता देवी सहित दर्जनों लोगों ने हस्ताक्षरित आवेदन दिया. ग्रामीणों ने कहा कि जलसहिया एवं मुखिया के माध्यम से शौचालय निर्माण नहीं कराना चाहते हैं. कहा जनप्रतिनिधि सरकार द्वारा देय बारह हजार रुपये की राशि में ठेकेदारी प्रथा के तहत कार्य करती है जिससे शौचालय सही तरीके से नहीं बन पाता है. अधिकारियों ने ग्रामीणों को आवेदन पर विचार करने का आश्वासन दिया है.
