अब किसानों को उचित मूल्य पर उपलब्ध हो सकेगा खाद
दुमका : इफको द्वारा जिला कृषि कार्यालय के सभागार में पीओएस मशीन का वितरण एवं प्रशिक्षण कार्यक्रम का आयोजन किया गया. मुख्य अतिथि जिला कृषि पदाधिकारी डॉ सुरेन्द्र सिंह ने कहा कि अब खाद का व्यापार बिना लाइसेंस के संभव नहीं है.
पीओएस मशीन के माध्यम से अब किसानों को उचित मूल्य पर खाद उपलब्ध हो सकेगा तथा खाद की कालाबाजारी पर भी अंकुश लगेगी. जिला के सहकारिता पदाधिकारी राकेश कुमार सिंह एवं सहायक निबंधक सहयोग समिति सूर्य प्रताप सिंह ने लैम्पस पैक्स के अध्यक्ष एवं सहायक प्रबंधक को संबोधित करते हुए बताया जिसके पास लाइसेंस नहीं है,
वे अविलंब लाइसेंस बनवा लें एवं सुचारु रूप से खाद का व्यापार करें. इसके लिए हर संभव मदद को-ऑपरेटिव बैंक से दी जायेगी.
इफको के मुख्य क्षेत्रीय पदाधिकारी अनिल कुमार सिंह ने वर्तमान समय में पीओएस मशीन के महत्व की जानकारी दी एवं बताया कि यह मामला सीधे कंपनी के सब्सिडी से जुड़ा हुआ है. आत्मा के प्रोजेक्ट को-आॅर्डिनेटर डॉ देवेश कुमार सिंह ने खाद के संतुलित व्यवहार पर जोर दिया.
डीडीएम नाबार्ड के नवीन चन्द्र झा ने भी सभा को संबोधित किया. इफको के क्षेत्र अधिकारी डॉ शशिभूषण समदर्शी, चंदन कुमार तथा नवीन राय ने पीओएस मशीन की तकनीकी जानकारी तथा कार्यप्रणाली पर विस्तृत रूप से प्रकाश डाला. स्पष्ट रूप से सबों को बताया गया कि बिना पीओएस मशीन के रिटेलर किसानों को खाद मुहैया नहीं करा सकते. धन्यवाद ज्ञापन इफको के क्षेत्र अधिकारी नवीन कुमार राय द्वारा किया गया.
