सकारात्मक सहयोग एवं सर्किट बेंच की शीघ्र स्थापना का राज्यपाल ने दिया आश्वासन
दुमका : समाज कल्याण मंत्री सह दुमका की विधायक डॉ लाेइस मरांडी के साथ दुमका के वरिष्ठ अधिवक्ताओं में गोपेश्वर प्रसाद झा, मनोज कुमार साह एवं रविकांत झा ने राजभवन जाकर राज्यपाल से मुलाकात की तथा उपराजधानी दुमका में झारखंड उच्च न्यायालय के बेंच की शीघ्र स्थापना को लेकर अपनी बात रखी. अधिवक्ताओं ने कहा कि आज भी झारखंड उच्च न्यायालय में संताल परगना के लगभग 25000 से ज्यादा मुकदमे लंबित है,
इन मुकदमों के लंबे समय से लंबित रहने की वजह दूरी एवं अर्थाभाव के कारण याचिकाकर्ता का रांची नहीं पहुंच पाना है. सबों से एक स्वर से कहा कि संताल परगना काफी पिछड़ा और गरीब इलाका है, इसलिए अगर उच्च न्यायालय के फूल बेंच की स्थापना में विलंब भी हो, तो कम से कम यथाशीघ्र दुमका में न्यायालय के सर्किट बेंच को शुरू कराने की पहल हो. राज्यपाल ने संबंधित विषय पर सकारात्मक सहयोग एवं सर्किट बेंच की शीघ्र स्थापना की दिशा में आवश्यक पहल करने का आश्वासन दिया है.
