उदलखाप से चोरजोरा गांव जा रही थी बरात
वाहनों की गति पर अंकुश लगाने की मांग
बासुकिनाथ : जरमुंडी थानान्तर्गत बासुकिनाथ देवघर मुख्य मार्ग पर बीती देर रात तेज रफ्तार मैक्सिमो वैन ने ट्रक को पीछे से टक्कर मारा. हादसे में तीन लोगों की मौत हो गयी और छह लोग गंभीर रूप से घायल हो गये. टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि मैक्सिमो वैन के परखचे उड़ गये. गाड़ी के आगे का भाग पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया. घटना जमुआ गांव के समीप करीब साढ़े दस बजे रात की है. मैक्सिमो वैन (जेएच04 एच/0584) एवं बीच सड़क पर खड़ी ट्रक (बीआर01 जीबी/6783) के बीच आगे पीछे से जोरदार टक्कर हो गयी.
इस घटना में जामा थानान्तर्गत सिकटिया गांव के रंजीत कापरी (18), विकास पुजहर (19) एवं दिलीप पुजहर की मौत हो गयी. दुर्घटना में घायल बाराती हथडूबा गांव के रितेश कुमार (21), सिमरा गांव के वासुदेव मिर्धा (45), सोनू मिर्धा (16), पटल मिर्धा (26) एवं नरेश मिर्धा (42) गंभीर रूप से घायल हो गये.
उदलखाप से चोरजोरा गांव जा रही थी बरात :
जरमुंडी में सड़क हादसा…
बाराती जामा प्रखंड के उदलखाप गांव से सरैयाहाट प्रखंड के चोरजोरा गांव विवाह समारोह में जा रहे थे. सूचना मिलने के बाद एसआइ पीके यादव एवं एएसआइ साहेब कुंवर सशस्त्र पुलिस गश्ती दल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे. सभी घायलों को उठाकर इलाज के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र जरमुंडी पहुंचाया.
जहां इलाज के दौरान रंजीत कापरी एवं विकास पुजहर की मौत हो गयी तथा गंभीर अवस्था में दिलीप पुजहर को अन्य घायलों के साथ बेहतर इलाज के लिए दुमका सदर अस्पताल रेफर किया जहां इलाज के दौरान दिलीप की मौत हो गयी. सभी लोग उदलखाप जामा से बाराती बनकर सरैयाहाट प्रखंड के चोरजोरा गांव जा रहे थे. दुर्घटना के बाद मैक्सिमो वैन का चालक जितेंद्र पहाड़िया भाग गया. पुलिस ने वैन एवं खड़ी ट्रक को जब्त कर लिया है. मृतक के शव को जब्त कर पोस्टमार्टम के लिए दुमका भेजा. इस मार्ग पर लगातार हो रही सड़क दुर्घटना में मौत पर लोगों ने गहरा दु:ख व्यक्त किया है. लोगों ने स्थानीय प्रशासन से वाहनों की गति पर अंकुश लगाने के लिए सख्त कदम उठाने की मांग की है.
