दुमका : 26 मई को बांग्ला फिल्म मैसी रीलिज होनेवाली है. जो बंगाल की गलियों में उभरते फुटबाल खिलाड़ी पर बनी है. इस फिल्म में दुमका के मजिस्ट्रेट कॉलोनी के रहने वाले अभिषेक कर्मकार ने एनिमेशन और वीएफएक्स डायरेक्टर के तौर पर स्पेशल इफैक्ट डाला है. अभिषेक एक और फिल्म सेनापति में भी एनिमेशन और वीएफएक्स डायरेक्टर के तौर पर अहम भूमिका निभा रहे हैं. वे एनीमेशन व वीएफएक्स के जरिये उन शॉट्स को बखूबी परदे पर उतारते हैं,
जो काल्पनिक होती है, जिसे शूट नहीं किया जा सकता. बचपन से ही रचनात्मक गतिविधियों में विशेष अभिरुचि रखने वाले अभिषेक की प्रारंभिक शिक्षा दुमका के सिदो कान्हू हाई स्कूल तथा एसपी कॉलेज में हुई है. चित्रांकन में उनकी प्रतिभा को देखते हुए ही दुमका समाहरणालय में सेवारत उनके पिता समीरन कर्मकार व मां रूमा ने उसे एनिमेशन के क्षेत्र में आगे बढ़ने के लिए प्रोत्साहित किया. एरिना एनिमेशन कोलकाता से उन्होंने 2 डी व 3 डी एनिमेशन का कोर्स करने के बाद एमएएसी मुंबई से वीएफएक्स कोर्स किया.
प्रतिभाशाली अभिषेक कर्मकार को कई अवार्ड्स से भी सम्मानित किया जा चुका है, जिनमें स्पेशल रिकागनिशन इन नेशनल टेक्निकल मीट गोवा, बेस्ट वीएफएक्स शूट इन 24 एफपीएस इंटरनेशनल एनिमेशन अवार्ड्स और अवार्ड ऑफ एक्सीलेंस शामिल हैं. अभिषेक दर्जनों लोकप्रिय उत्पादों के विज्ञापन भी बना चुके हैं.
