डीसी की अनुशंसा पर हुई कार्रवाई
दुमका : दुमका के डीसी राहुल कुमार सिन्हा की अनुशंसा पर दुमका के जिला खनन पदाधिकारी संजीव कुमार मंडल को निलंबित कर दिया गया है. वे साहिबगंज के भी अतिरिक्त प्रभार में थे. उद्योग खान एवं भूतत्व विभाग के उप सचिव लक्ष्मण प्रसाद सिंह इस बाबत बुधवार को आदेश जारी कर दिया गया है. श्री मंडल द्वारा कर्तव्य में लापरवाही, स्वेच्छाचारिता अनुशासनहीनता का आरोप है. अवैध उत्खनन से संबंधित मामलों पर संज्ञान न लेना तथा राजस्व में वृद्धि के लिए खनन पट्टों की अनुज्ञप्ति देने व नवीनीकरण आदि कार्यों में अभिरुचि नहीं लेने के कारण प्रत्यक्ष रूप से राजस्व कोष को क्षति पहुंचाने का प्रथम दृष्टया दोषी पाया गया है
तथा झारखंड सरकारी सेवक (वर्गीकरण, नियंत्रण एवं अपील) नियमावली 2016 भाग चार की कंडिका 9 (ख) के आलोक में निलंबित कर दिया गया है. निलंबन की अवधि में उनका मुख्यालय उप निदेशक खान का कार्यालय हजारीबाग रहेगा. डीसी को श्री मंडल के विरुद्ध प्रपत्र क गठित कर साक्ष्य सहित 15 दिनों के अंदर विभाग को भेजने का भी आदेश दिया गया है. अन्य अधिसूचना के तहत जिला भूतात्विक कार्यालय के सहायक निदेशक श्याम नंदन विद्यार्थी को अपने कार्यों के अतिरिक्त दुमका के जिला खनन पदाधिकारी का अतिरिक्त प्रभार सौंपा गया है.
