जन आकांक्षाओं को साकार कर रही सरकार

गणतंत्र दिवस. मोरहाबादी मैदान में राज्यपाल ने किया झंडोत्तोलन राज्यपाल द्रौपदी मुरमू ने कहा कि राज्य सरकार जनहित से जुड़े अहम मुद्दों पर काम कर रही है. साथ ही राज्य का सर्वांगीण विकास एवं जन अाकांक्षाओं को साकार करने की दिशा में पूरी तन्मयता के साथ प्रयत्नशील है. राज्य को विकास के पथ पर आगे […]

गणतंत्र दिवस. मोरहाबादी मैदान में राज्यपाल ने किया झंडोत्तोलन
राज्यपाल द्रौपदी मुरमू ने कहा कि राज्य सरकार जनहित से जुड़े अहम मुद्दों पर काम कर रही है. साथ ही राज्य का सर्वांगीण विकास एवं जन अाकांक्षाओं को साकार करने की दिशा में पूरी तन्मयता के साथ प्रयत्नशील है. राज्य को विकास के पथ पर आगे ले जाने के लिए सरकार हरसंभव कदम उठा रही है, ताकि हमारा झारखंड एक खुशहाल एवं विकसित राज्य बन सके. राज्यपाल 68वें गणतंत्र दिवस पर गुरुवार को मोरहाबादी मैदान में झंडोत्तोलन के बाद यहां आयोजित कार्यक्रम को संबोधित कर रही थीं.
रांची : मोरहाबादी मैदान में आयोजित गणतंत्र दिवस के मुख्य समारोह को संबोधित करते हुए राज्यपाल द्रौपदी मुरमू ने कहा कि सरकार ने प्राथमिकताएं तय करते हुए जनहित से जुड़े अहम मुद्दे जैसे संवेदनशील प्रशासन, जनभागीदारी, स्वच्छता, भ्रष्टाचार उन्मूलन, स्वास्थ्य, खेत-खलिहान, शिक्षा, महिला सशक्तिकरण व सुगम यातायात पर अपना ध्यान केंद्रित किया है.
राज्यपाल ने कहा कि आम जनता व राज्य सरकार के बीच एक संवाद स्थापित करने के उद्देश्य से मुख्यमंत्री जन-संवाद कार्यक्रम का सफलतापूर्वक संचालन किया जा रहा है. इसके तहत टोल फ्री नंबर 181 पर आम जनता अपनी समस्याएं सरकार तक पहुंचा रही है, जिसका सरकार के स्तर पर निराकरण भी हो रहा है. यह अच्छी चीज है. कृषि को बढ़ावा देने के उद्देश्य से राज्य के सभी प्रखंड मुख्यालयों में कृषकों के लिए कृषि सिंगल विंडो सेंटर की स्थापना की गयी है.
हो रहा डोभा निर्माण
राज्यपाल ने कहा कि राज्य में सिंचाई व्यवस्था को सुदृढ़ करने के लिए सरकार द्वारा डोभा निर्माण, तालाबों का गहरीकरण एवं नलकूपों के निर्माण पर ध्यान दिया जा रहा है. इससे कि वर्षा जल का अधिक से अधिक मात्रा में संचयन होगा और संचित जल का उपयोग कृषि कार्य में लगाया जा सकेगा. राज्य के विकास के रथ को गति देने के लिए सरकार गुणवत्तापूर्ण सड़कों का जाल पूरे राज्य में बिछ रही है. वित्तीय वर्ष 2016-17 में 1450 किमी पथ एवं 40 पुल निर्माण लक्ष्य रखा गया था, जिसके एवज में 880 किमी पथ एवं 30 पुलों का निर्माण किया जा चुका है. राज्य के पर्यटन क्षेत्रों के विकास के लिए कई कदम उठाये गये हैं.
इसके तहत गिरिडीह जिलान्तर्गत जलीय सूर्य मंदिर व झारखंड धाम, खूंटी के अमरेश्वर धाम, शिवगादी धाम व गुमला का आंजन धाम को पर्यटक स्थल के तौर पर विकसित करने की स्वीकृति सरकार ने दी है. मुख्यमंत्री तीर्थदर्शन योजना की भी शुरुआत की गयी है. मौके पर राज्यपाल के प्रधान सचिव संतोष सत्पथी, मुख्य सचिव राजबाला वर्मा, गृह सचिव एसकेजी रहाटे, अमित खरे, निधि खरे समेत भारतीय प्रशासनिक सेवा व राज्य प्रशासनिक सेवा के कई अधिकारियों के अलावा हजारों की संख्या में लोग मौजूद थे.
परेड में एसएसबी की टुकड़ी को मिला पहला स्थान
गणतंत्र दिवस के मौके पर सशस्त्र बलों ने परेड कर सलामी दी. परेड में एसएसबी की टुकड़ी को पहला स्थान मिला. जबकि, गोरखा राइफल्स व झारखंड जगुआर सामूहिक रूप से दूसरे स्थान पर रहे. इसके अलावा जैप-10 की टुकड़ी तीसरा स्थान पाया. जबकि, बैंड डिस्प्ले में आर्मी बैंड को पहला स्थान मिला. वहीं, जैप-10 को दूसरा व कस्तूरबा गांधी बालिका आवासीय विद्यालय की बैंड तीसरे स्थान पर रही.
झलकियां
झंडोत्तोलन से पूर्व राज्यपाल द्रौपदी मुरमू परेड का निरीक्षण किया
ड्रोन कैमरा से हो रही थी निगरानी
अधिकारियों व पूर्व सांसदों, विधायकों के लिए अलग-अलग बैठने की व्यवस्था की गयी थी
छोटे-छोटे बच्चे पुलिस की पोशाक में समारोह में पहुंचे थे
कुछ युवक चेहरे को तिरंगे में रंग कर समारोह में पहुंचे थे
प्रिंट मीडिया व इलेक्ट्रॉनिक चैनल के लिए मंच के आगे व्यवस्था की गयी थी
समारोह स्थल में अचानक एक कुत्ता घुस आया, जिसे बाहर करने में जवानों के पसीने छूट गये
लोगों ने लिया झांकियों का आनंद
गणतंत्र दिवस के मौके पर 20 विभागों की झांकियां निकाली गयीं. पेयजल एवं स्वच्छता विभाग ने खुले में शौच से मुक्त करने की बातों को कलाकारों ने नाटक के माध्यम से बताया. वन एवं पर्यावरण विभाग ने अपनी झांकी में जन-वन योजना के बारे में जानकारी दी. खादी बोर्ड ने खादी फॉर फैशन, खादी फॉर नेशन का संदेश दिया. इसके अलावा नगर निगम, टाटा स्टील व सीसीएल भी मनमोहक झांकियों पेश की.
पीआरडी को पहला स्थान
गणतंत्र दिवस समारोह के दौरान झांकियों का प्रदर्शन किया गया. इसमें 20 विभागों की झांकियां शामिल थीं. सभी झांकी अलग-अलग थीम पर आधारित थीं. इनमें 133.5 अंक अर्जित कर जनसंपर्क विभाग पहले स्थान पर रहा. वहीं, वन एवं पर्यावरण विभाग 130 अंक लाकर दूसरे व 128.5 अंक लाकर खादी बोर्ड तीसरे स्थान पर रहा.
राज्य के सभी पंचायतों में पुस्तकालय : मुख्यमंत्री
गणतंत्र दिवस पर दुमका में सीएम रघुवर दास ने फहराया झंडा
दुमका : 68 वें गणतंत्र दिवस के अवसर पर मुख्यमंत्री रघुवर दास ने दुमका के पुलिस लाइन परेड ग्राउंड में तिरंगा फहराया तथा परेड की सलामी ली. सीएम ने कहा कि आगामी दो साल में सभी विद्यालयों में बिजली एवं तीन साल में सभी पंचायतों में ग्रामीण पुस्तकालय की स्थापना भी की जायेगी.
उन्होंने अपने संबोधन में मुख्यधारा से भटके युवाओं से हिंसा का रास्ता छोड़ कर राज्य के विकास में योगदान करने तथा खुशहाल झारखंड के निर्माण में भागीदारी सुनिश्चित करने का आह्वान किया. सीएम ने बाबा आम्टे की एक पंक्ति को उद्धृत करते हुए कहा कि हाथ लगे निर्माण में, नहीं मांगने में, नहीं मारने में…उन्होंने कहा कि हमारे संविधान ने एक मजबूत लोकतांत्रिक व्यवस्था स्थापित की है, जिसमें जनता ही शासन एवं शक्तियों का स्रोत है.
उन्होंने कहा कि सरकार के प्रयासों से वामपंथी उग्रवाद से संबंधित घटनाओं में 40 प्रतिशत की कमी आयी है. सीएम ने कहा कि उनकी सरकार ने आदिवासियों के हितों को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए लोकहित के व्यापक परिपेक्ष्य में एसपीटी एवं सीएनटी जैसे कानून में संशोधन का निर्णय लिया है, ताकि राज्य के विकास को गति मिले एवं आदिवासियों के हित भी सुरक्षित रहे. इस कदम से आदिवासियों के जमीन की लूट-खसोट और अवैध कब्जे पर रोक लगेगी, परंतु कुछ लोग राजनीतिक स्वार्थ से प्रेरित होकर यहां की भोली-भाली आदिवासी जनता को बहकाने का प्रयास कर रहे हैं.
साहेबगंज में गंगा नदी में चार लेन वाले उच्चस्तरीय पुल के निर्माण कार्य की शुरुआत 2000 करोड़ रुपये की लागत से शीघ्र प्रारंभ होगा. इससे पूर्वोत्तर भाग से झारखंड का संपर्क स्थापित होगा. साथ ही वहां पोत परिवहन मंत्रालय के अधीन भारतीय अंतरदेशीय जलमार्ग प्राधिकरण द्वारा राष्ट्रीय जलमार्ग-1 के तहत मल्टी मॉडल ट्रांसपोर्ट हब भी बनाया जायेगा.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

By Prabhat Khabar Digital Desk

यह प्रभात खबर का डिजिटल न्यूज डेस्क है। इसमें प्रभात खबर के डिजिटल टीम के साथियों की रूटीन खबरें प्रकाशित होती हैं।

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >