दुमका : झामुमो सुप्रीमो सह पूर्व मुख्यमंत्री शिबू सोरेन ने कहा है कि बिहार की तर्ज पर झारखंड में भी पूर्ण शराबबंदी लागू होनी चाहिए. इसके लिए वे सरकार से मांग करेंगे. नहीं हुआ, तो आंदोलन करेंगे. दुमका के खिजुरिया स्थित अपने आवास में पत्रकारों से बातचीत में श्री सोरेन ने कहा कि वे आज नहीं झारखंड आंदोलन के दिनों से ही शराबबंदी के हिमायती रहे हैं. कहा, शराब बहुत नुकसानदायक है. यह हमारे समाज-राज्य के विकास में बाधक है.
कहा, शराबबंदी की जरूरत तो बिहार से अधिक झारखंड में है. लेकिन यह सरकार-सरकार की बात है. बिहार में नीतीश कुमार ने इच्छाशक्ति दिखायी है. यहां रघुवर दास को भी ऐसा करना चाहिए. पूर्व कृषि मंत्री सह मुख्य सचेतक विरोधी दल नलिन सोरेन ने भी कहा कि शराबबंदी पर सरकार को अविलंब निर्णय लेना चाहिए. वहीं पार्टी के केंद्रीय महासचिव विजय कुमार सिंह ने कहा कि झारखंड आंदोलन के प्रारंभ से ही शिबू सोरेन दारू हड़िया छोड़ने, वृक्ष लगाने और बच्चों को पढ़ाने का आह्वान करते रहे हैं.
