दुधानी से टाटा शोरूम तक बनेगी फोर लेन सड़क, यात्रा होगी सुगम
उपराजधानी की सड़कों का चौड़ीकरण व विस्तारीकरण होने से लोगों को आवाजाही में सुविधा होगी. आये दिन लगने वाले जाम से दुमकावासियों को मुक्ति मिलेगी. वहीं शहर की तसवीर भी बदलेगी.
दुमका : डीसी राहुल कुमार सिन्हा ने पथ निर्माण विभाग की अपर मुख्य सचिव राजबाला वर्मा से पत्र के माध्यम से उपराजधानी के महत्वपूर्ण पथों के विस्तारीकरण, चौड़ीकरण तथा दुधानी टाॅवर से टाटा-शोरूम तक 4 लेन सड़क बनाने का अनुरोध किया है. पिछले महीने अपर मुख्य सचिव ने नगर के लोगों के सुझाव पर उपायुक्त को शहर के महत्वपूर्ण पथों के बाबत प्रस्ताव भेजने का परामर्श दिया था. बीती रात डीसी ने अधिकारियों के साथ पथों का जायजा लिया तथा उसके स्वरूप एवं विस्तारीकरण पर विस्तार से विमर्श किया. डीसी ने कहा कि दुमका की भव्यता बेहतर पथों से बढ़ी है.
दुमका 16 पथों का अधिग्रहण कर निर्माण किया गया है. अन्य पथों के अधिग्रहण के लिए प्रस्ताव भेजा गया है. डीसी ने बताया कि जनजातीय हिजला मेला राजकीय महोत्सव हो चुका है. ऐसे में इस मेला स्थल तक आवागमन सुगम करने के लिए दुधानी में मसलिया पथ से महुवाडंगाल प्राथमिक विद्यालय होते हुए हिजला मेला स्थल तक सड़क निर्माण कराया जायेगा.
जबकि दुमका रेलवे स्टेशन से बढ़ई पाड़ा होते हुए रसिकपुर बायपास पथ तक तथा दुमका रेलवे स्टेशन से रसिकपुर काली मंदिर होते हुए मुख्यपथ तक तथा मुख्य पथ से टीन बाजार होकर वीर कुंवर सिंह चौक से नगरपालिका चौक दुमका बायपास तक पथ का उन्नयन एवं ड्रेनेज का कार्य भी करवाया जाने का प्रस्ताव इसमें शामिल किया गया है.
