मंत्री लोइस ने किया टूर्नामेंट का उदघाटन
राज्य में स्थापित होने वाले खेल विवि से संवेरगी प्रतिभा: डॉ लोइस
दुमका : उपराजधानी दुमका में जिला बैडमिंटन एसोसिएशन के तत्वावधान में झारखंड स्टेट प्राइज मनी बैडमिंटन चैम्पियनशिप का उदघाटन इंडोर स्टेडियम में समाज कल्याण मंत्री डॉ लोइस मरांडी ने किया. इस प्रतियोगिता में 13 जिलों के प्रतिभागी भाग ले रहे हैं.
अवसर पर अपने संबोधन में डॉ लोइस ने कहा कि खेल के माध्यम से आगे बढ़ा जा सकता है. पहली बार सरकार खेल विश्वविद्यालय की स्थापना करने जा रही है, जिसमें 50 प्रतिशत सीटों में राज्य के खिलाड़ियों का नामांकन होगा. उन्होंने कहा कि खेल एवं खिलाड़ियों के लिए सरकार अवसर का द्वार खोल दी है. सिर्फ खिलाड़ियों को प्रवेश लेने की आवश्यकता है. कहा कि खेल सबको प्रिय होता है, जिससे सभी प्रकार के भेदभाव एवं विविधताएं दूर होते हैं. साथ ही यह खिलाड़ियों में परिपक्वता प्रदान करती है. वहीं डीआइजी देव बिहारी शर्मा ने अपने संबोधन में कहा कि खिलाड़ियों के जज्बे से अनुभवी खिलाड़ियों को भी पछाड़ा जा सकता है,
अत: खिलाड़ियों में जज्बा का अभाव नहीं होना चाहिए.
डीडीसी चितरंजन कुमार ने कहा कि रांची की तरह यहां भी राज्यस्तरीय खेल कार्यक्रम बहुत जरूरी है, क्योंकि जीविकोपार्जन के साथ-साथ खेल की भी अहम भूमिका है. शिक्षा के अनुरूप ही खेल कार्यक्रम का कैलेंडर बनना चाहिए. पुरस्कार संबंधित घोषणा करते हुए उन्होंने कहा कि 25-25 हजार के नकद पुरस्कार के साथ विजेता को 15 हजार एवं उप विजेता को 10 हजार रुपये पुरस्कार स्वरूप दिये जायेंगे. उदघाटन सत्र में अनुमंडल पदाधिकारी जिशान कमर, आइएएस प्रशिक्षु भोर सिंह यादव आदि मौजूद थे.
