भागलपुर : खरीक के खैरपुर के ग्रामीणों ने गुरुवार को उप विकास आयुक्त अमित कुमार से गंगा कटाव से विस्थापित होने के बाद भी मुआवजा नहीं मिलने की शिकायत की. भीखन यादव, धनंजय मोदी, पप्पू मोदी, उर्मिला देवी, जानकी देवी, भगवान चौधरी आदि ने बताया कि वह लोग कटाव के बाद विस्थापित हैं. वर्ष 2007-08 में ही कटाव के बाद वह लोग खानाबदोश की तरह जीवन व्यतीत कर रहे हैं, तभी उन लोगों को सरकारी सहायता के नाम पर 2200 रुपये दिये गये. इसके बाद अब तक कोई सहायता नहीं मिली है. ग्रामीणों ने कहीं भी जमीन देकर बसाने की मांग की.
उप विकास आयुक्त ने नवगछिया के डीसीएलआर से पुनर्वास का प्रस्ताव देने को कहा है. जनता दरबार में सन्हौला प्राथमिक स्वास्थ्य केेंद्र के पोलियो पर्यवेक्षक विनय कुमार ने आरोप लगाया कि स्वास्थ्य प्रशिक्षक राज कुमार अभद्र व्यवहार करते हैं. उन्होंने कहा कि शाम की पोलियो ब्रीफिंग के दौरान प्रशिक्षक उन लोगों के साथ गाली-गलौज करते हैं. उन लोगों ने इसकी शिकायत की और ऐसा न करने का आग्रह किया. इसके बाद भी उनका व्यवहार नहीं बदला, वह आक्रोशित होकर शिकायतकर्ता के साथ अमर्यादित व्यवहार करने लगे. उन्होंने मांग की है कि यदि कार्रवाई नहीं हुई,
तो वे लोग इस कार्यक्रम में भाग नहीं लेंगे. इस मामले की सिविल सर्जन को जांच की जिम्मेवारी दी गयी है. महादलित टोला महेशी, सुलतानगंज के ग्रामीण हरेंद्र दास, ब्रजेश दास, पंकज दास, गोरेलाल , धनपत दास ने कहा कि मध्य विद्यालय महादलित टोला की प्रभारी प्रधानाध्यापिका पर पढ़ाई में भेदभाव का आरोप लगाया है. उन्होंने जिला शिक्षा पदाधिकारी को जांच करने के लिए कहा है. वहीं जनता दरबार में 87 आवेदन आये.
