दुमका/जमुई : झारखंड के जरमुंडी थाना अंतर्गत बासुकीनाथ से बीती रात्रि लूट की घटना को अंजाम देकर लूटी गयी स्कार्पियो से भाग रहे अपराधियों का सोनो पुलिस ने पीछा किया़ पुलिस को पीछा करते देख अपराधी सोनो-झाझा मुख्य मार्ग के भिठरा स्थित पेट्रोल पंप के समीप वाहन खड़ा कर फरार हो गया़
सोनो पुलिस स्कार्पियो को थाना लाकर आवश्यक कागजी कार्रवाई के उपरांत वाहन को जरमुंडी (झारखंड) पुलिस को सौंप दिया़ जानकारी के अनुसार स्थानीय पुलिस की सूचना पर जरमुंडी थाना से पुलिस इंस्पेक्टर सह थानाध्यक्ष मनोज ठाकुर व एसआइ कन्हैया दास पुलिस बल के साथ तड़के सोनो थाना पहुंचे़
गश्ती के दौरान सोनो पुलिस को मिली थी सूचना
जानकारी देते हुए सोनो थानाध्यक्ष दीपक कुमार ने बताया कि गश्ती के बाद बटिया की ओर से सोनो लौटने के क्रम में 4 बजे सुबह चकाई पुलिस से सूचना मिली कि जेएच 15 के 2395 नंबर का लूटा हुआ सफेद स्कार्पियो वाहन को लेकर लुटेरा सोनो की ओर जा रहा है़ थानाध्यक्ष ने बताया कि सूचना मिलते ही सोनो चौक पर पुलिसकर्मियों के साथ खुद तैनात होकर उक्त वाहन को रोकने का प्रयास किया परंतु चालक झांसा देकर भाग निकला.
जीपीएस सिस्टम से मिली सफलता
बासुकीनाथ से व्यवसायी के घर लूट की घटना को अंजाम देकर अपराधियों ने व्यवसायी के जिस स्कार्पियो को अपने कब्जे में कर उससे भागने की योजना बनायी. उस वाहन में जीपीएस सिस्टम लगी थी. जिसकी जानकारी संभवत: लुटेरों को नहीं थी़ जरमुंडी थानाध्यक्ष मनोज ठाकुर को जैसे ही यह जानकारी मिली कि वाहन में जीपीएस लगी हुई है. वे उसका इस्तेमाल कर वाहन की स्थिति की सूचना लेने लगे़ देवघर से चकाई की ओर जा रहे
वाहन को पकड़ने हेतु खुद पीछा कर रहे जरमुंडी पुलिस ने देवघर व चकाई पुलिस को सूचित किया परंतु हर जगह अपराधी झांसा देकर निकलने में कामयाब रहा. चकाई के बाद सोनो की ओर वाहन जाने का जीपीएस से संकेत मिलते ही चकाई पुलिस ने सोनो पुलिस को सूचित किया़ थानाध्यक्ष दीपक कुमार खुद पुलिस बल के साथ अपराधियो का पीछा किया. जिससे घबराकर अपराधी वाहन छोड़ भाग निकला़
