पीड़िता ने थाने में दर्ज करायी प्राथमिकी
गोपीकांदर : गोपीकांदर में मंगलवार की देर रात एक युवक ने महिला के साथ बुरी नीयत से छेड़खानी की. जब महिला ने इसका विरोध किया तो उसने उसके साथ मारपीट की. वहीं बीच-बचाव करने आये उसके पति के साथ भी युवक ने मारपीट कर घायल कर दिया.
आरोपित युवक प्रदीप राय रात का फायदा उठाकर अपने कुछ सहयोगियों के साथ महिला के घर घुस गया और छेड़खानी करने लगा. जब महिला इसका विरोध करने लगी, तो युवक ने मारपीट शुरू कर दी और बीच-बचाव करने आये उसके पति को मारपीट कर उसका सिर फोड़ दिया. मामले को लेकर महिला ने गोपीकांदर थाना में कांड संख्या 5/16 में भादवि की धारा 341, 342, 354, 323, 504, 506/34 के तहत प्राथमिकी दर्ज करायी है. जिसमें उसने प्रदीप राय, फुलदेर राय, मड़वा राय, डमरू राय, विष्णु राय, लाल राय, विलास राय व चिंता देवी को नामजद अभियुक्त बनाया है.
दर्ज प्राथमिकी के मुताबिक महिला अपने घर के बरामदे पर सोयी हुई थी, उसी समय प्रदीप राय आया और भद्दी-भद्दी बातें करते हुए छेड़खानी करने लगा. इसी बीच उसका पति आ गया और प्रदीप ने मारपीट शुरू कर दी तब हो हल्ला सुनकर अगल-बगल के लोग जमा हो गये. इधर मौका पाकर सभी आरोपित फरार हो गये. थाना प्रभारी प्रमोद रंजन ने बताया कि मामला दर्ज कर लिया गया है और आरोपियों की तलाश जारी है, जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जायेगा.
