रघुवर सरकार गरीब विरोधी
पार्टी सुप्रीमो शिबू सोरेन ने झंडा फहराकर किया सभा का उद्घाटन
सैकड़ों वाहनों में सवार होकर पूरे संताल से आए हजारों कार्यकर्ता
63 सूत्री प्रस्ताव पारित, स्थानीयता नीित तय करने पर दिया जोर
दुमका : झामुमो के 37 वें स्थापना दिवस पर दुमका में रघुवर सरकार निशाने पर रही. पार्टी नेताओं ने सरकार की नीतियों की जमकर आलोचना की और कहा कि इस सरकार ने राज्य के गरीबों को ठगने का काम किया है. जिस तरीके की गरीब व मजदूर विरोधी कानून बनाया गया है, उससे गरीब अपने हक-हकूक से वंचित हो जायेंगे. पार्टी नेताओं ने कहा कि अच्छे दिन का वादा करने वाली केंद्र और राज्य की भाजपा सरकार की नीतियों से जनता ठगा महसूस कर रही है.
उनकी नीतियों से जनता को अवगत कराने के लिए कार्यकर्ताओं से गांव-गांव पहुंचने का आह्वान किया गया. स्थापना दिवस समारोह में पार्टी नेताआें ने 63 सूत्री प्रस्ताव पािरत िकया. स्थानीयता नीति को लेकर सभी नेताआें ने रघुवर दास सरकार की नीति की जमकर आलोचना की. नये सिरे से पार्टी का जनाधार मजबूत करने को लेकर मंथन किया गया. समारोह देर रात तक जारी था.
इससे पहले देर शाम गांधी मैदान में मंच के सामने पार्टी सुप्रीमो शिबू सोरेन ने पार्टी का झंडा फहराकर तथा शहीदों को श्रद्धा पुष्प अर्पित कर जनसभा का शुभारंभ किया. इससे पूर्व एसपी कॉलेज से विशाल रैली निकली. जिसका नेतृत्व पार्टी के वरिष्ठ नेता और शिकारीपाड़ा विधायक नलिन सोरेन, राजमहल सांसद विजय हांसदा और केंद्रीय महासचिव विजय कुमार सिंह की अगुवाई में निकली.
पोखरा चौक पहुंचने पर रैली में केंद्रीय उपाध्यक्ष सह पूर्व मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन तथा झारखंड छात्र मोरचा के केंद्रीय अध्यक्ष वसंत सोरेन शामिल हुए. मांदर-तमाक के साथ निकली इस रैली में शामिल नेताओं ने महापुरुषों की प्रतिमाओं पर माल्यार्पण भी किया.
