एसकेएमयू. सिंडिकेट की बैठक में कई महत्वपूर्ण निर्णय
दुमका : सिदो कान्हू मुरमू विश्वविद्यालय के आमंत्रण पर राज्यपाल सह कुलाधिपति द्रौपदी मुरमू 28 जनवरी को दुमका आयेंगी. वे इस विश्वविद्यालय के तीन कार्यक्रमों में शामिल होंगी. दो कार्यक्रम विश्वविद्यालय के नये दिग्घी परिसर में होगा, जबकि एक कार्यक्रम एसपी महिला कॉलेज में आयोजित होगा.
बुधवार को वीसी डॉ कमर अहसन की अध्यक्षता में हुई सिंडिकेट की बैठक में राज्यपाल के आगमन पर होनेवाले कार्यक्रमों पर विस्तृत चरचा हुई. सहायक कुलसचिव इग्निसियस मरांडी ने बताया कि राज्यपाल सह कुलाधिपति 11 बजे दुमका के दिग्घी परिसर आयेंगी. यहां वे इस परिसर में संताल हूल के उन दो अमर नायकों सिदो मुरमू व कान्हू मुरमू की प्रतिमाओं का अनावरण करेंगी, जिसके नाम से यह विश्वविद्यालय है.
वे इसी परिसर में बने महिला हॉस्टल का भी उद्घाटन करेंगी. अवसर पर रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम होगा. कार्यक्रम में ही वे उत्कृष्ट उपलब्धियों के लिए पांच छात्र-छात्राएं व दो शिक्षकों को सम्मानित भी करेंगी. बाद में वे एसपी महिला कॉलेज जायेंगी, जहां नारी सशक्तिकरण पर आयोजित एक सेमिनार में वे शिरकत करेंगी.
