दुमका कोर्ट : शहर के दुधानी स्थित गौशाला रोड की रहने वाली 17 वर्षीय लड़की के अपहरण के एक महीने बाद मंगलवार को नगर थाना में प्राथमिकी दर्ज हुई है. लड़की का अपहरण 10 दिसंबर 2015 को हुआ था, जो मारवाड़ी उच्च विद्यालय दुमका में कक्षा 9 की छात्रा है.
नगर थाना में दर्ज प्राथमिकी के मुताबिक 10 दिसंबर को वह घर से स्कूल जाने के लिए निकली थी और शाम तक घर वापस नहीं पहुंची. तब उसके घरवालों ने खोजबीन शुरू कर दी, तब पता चला कि जरूवाडीह केवटपाड़ा के छोटका ऊर्फ तुफान मल्लाह ने उसे बहला फुसलाकर भगा ले गया है.
इसके बाद घर वालों ने छोटका के घर जाकर पूछताछ किया और लड़के के मोबाइल पर फोन से संपर्क किया, तो छोटका ने फोन पर कहा कि थाना पुलिस नहीं करना घर चले आयेंगे. लेकिन जब एक महीने बाद भी लड़की के साथ घर नहीं आया, तो लड़की के पिता ने उसके विरूद्ध नगर थाना में प्राथमिकी दर्ज करायी. पुलिस ने लड़की के पिता के बयान पर भादवि की दफा 366 ए के तहत प्राथमिकी दर्ज कर जांच पड़ताल में जुट गई है.
