दुमका : सदर प्रखंड के रुपुबगान-जामदली के दो दर्जन परिवार इन दिनों विद्युत विभाग की कार्यशैली से परेशान हैं. इस गांव के लोगों को पिछले महीने बिजली का बिल मिला है. अधिकांश परिवारों का बिल है 1972 रुपये का.
इसमें एरियर (बकाया) भी दरशाया गया है. गांव के इन सभी उपभोक्ताओं को भेजे गये विपत्र में राजीव गांधी ग्रामीण विद्युतिकरण योजना के तहत बीपीएल कनेक्शन और मीटर का नंबर भी अंकित है. पर न तो गांव में अब तक न तो तार पहुंचा है और न ही बिजली. हां खंभे अवश्य गाड़े गये हैं. बिल मिलने के बाद से ग्रामीणों के होश उड़े हुए हैं. उन्हें इस बात की चिंता खाये जा रही है कि जिस बिजली का उपभोग उन्होंने किया नहीं, उसके लिए वे भुगतान क्यों और कैसे दें?
क्या लिखा है नोटिस में
सभी विपत्रों में यह लिखा हुआ है कि ‘विद्युत विपत्र प्राप्त होते ही 15 दिनों के अंदर बकाया राशि जमा कर दें, अन्यथा आपका विद्युत संबंध विच्छेद कर दिया जायेगा. 10 अप्रैल को जारी किये गये इस बिल में जमा करने की अंतिम तिथि 27 अप्रैल लिखी गयी है.
शिकायत कर चुके हैं ग्रामीण
रुपुबगान-जामदली के रहनेवाले हीरालाल पांडेय, बबलू राय, रानी देवी, चंदन आदि ने बताया कि गांव में विभाग ने अब तक विद्युत आपूर्ति शुरु ही नहीं किया है, जबकि बिजली के बिल हमें मिलने लगे हैं. बिना सुविधा उपलब्ध कराये बिल भेजना सरासर मजाक है. रानी देवी के मुताबिक स्थिति कैसी है, यह पदाधिकारियों को गांव आकर देखना चाहिए. ग्रामीणों ने बताया कि उनलोगों ने विभाग में शिकायत की है, लेकिन अब तक कोई पहल नहीं हुई. जो बिजली का खंभा अभी गांव में लगा है, उसे भी लगे महज तीन-चार महीने ही हुए हैं.
रामगढ़ : गोड्डा दुमका सड़क मार्ग के ढोलपाथर (कड़बिंधा) के पास दो मोटरसाइकिल की आमने सामने की टक्कर में दो व्यक्ति घायल हो गये, जिसमें एक व्यक्ति की स्थिति नाजुक है. इस दुर्घटना की सूचना पाकर रामगढ़ पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और गंभीर रूप से घायल व्यक्ति को इलाज के लिए दुमका सदर अस्पताल लेकर आयी.
जबकि आंशिक रूप से घायल व्यक्ति पुलिस को देखकर भाग खड़ा हुआ. आनन फानन में पुलिस ने गंभीर रूप से घायल व्यक्ति की बाईक ग्रामीणों को जिम्मा दे दिया. प्राप्त जानकारी के मुताबिक घायल व्यक्ति नाम सुधीर बेसरा है. सुधीर के बेहोश होने की वजह से शेष जानकारी प्राप्त नहीं हो पायी है.
