दुमका : हार्डकोर नक्सली जेम्स मुमरू बुधवार को उस वक्त न्यायालय में पेशी के बाद अचानक बीमार पड़ गया, जब उसे वापस सेंट्रल जेल लाया जा रहा था. जेम्स मुमरू के हाथ में हथकड़ी लगी थी और उसका रस्सा एक पुलिस जवान थामे हुए था. इसी दौरान उसने अपनी जेब से कुछ निकाला और निगल गया, जिसके चंद मिनट के बाद ही उसकी तबीयत बिगड़ने लगी.
उल्टी होने के साथ वह बेहोश भी हो गया. पहले उसे सुरक्षा में भेजे गये पुलिस जवान वापस जेल ले आये, फिर उसे सदर अस्पताल ले जाया गया. जहां वह अचेतावस्था में था. जेल अधीक्षक एम हसन के अनुरोध पर न्यायालय ने जेम्स मुमरू को बेहतर इलाज के लिए रांची रिम्स ले जाने की अनुमति प्रदान कर दी है. जेम्स को जब सदर अस्पताल लाया गया था, तो पुलिस एलर्ट थी.
