दुमका : दुमका जिला कोषागार से वित्त वर्ष 2014-15 के अंतिम दिन विभिन्न विपत्रों एवं आवंटनों के विरुद्ध तकरीबन 22 करोड़ रुपये की निकासी हुई है. विधायक निधि के लिए चारो विधानसभा क्षेत्रों के लिए भी कुल 12 करोड़ रुपये की अग्रिम निकासी कर ली गयी है. स्वास्थ्य उपकेंद्र के लिए 46.36 लाख रुपये के चेक को कोषागार से इसलिए लौटा दिया गया कि उस शीर्ष में आवंटन शून्य था.
प्राप्त जानकारी के मुताबिक खर्च नहीं हो पाने की वजह से करोड़ों रुपये पिछले एक सप्ताह में सरेंडर कर दिये गये हैं. हालांकि यह राशि पिछले वर्षो की तुलना में कम थी. पथ निर्माण विभाग ने तो कुछ दिन पूर्व ही 6.77 करोड़ रुपये सरेंडर कर दिया था. वहीं स्वास्थ्य विभाग ने 4.08 लाख रुपये सरेंडर किया है. प्रवासी मजदूरों के सर्वेक्षण के लिए 3.34 लाख रुपये ही खर्च हो पाये थे, जबकि 4.65 लाख रुपये सरेंडर कर देना पड़ा.
प्रखंडों को उप आवंटित राशि में से भी 46. 43 लाख रुपये जो कि वेतन, एलटीसी एवं यात्रा भत्ता मद में दिये गये थे, उसे भी सरेंडर कर दिया गया. इधर डीडीसी रामाशंकर प्रसाद ने बताया कि संग्रहालय के लिए आवंटित 15 लाख रुपये, जरमुंडी में सटेडियम निर्माण के लिए 51 लाख रुपये, प्रखंडों में भवन निर्माण के लिए 6.12 करोड़ रुपये, जरमुंडी व सरैयाहाट में आइटीआइ निर्माण के लिए 1.59 करोड़ रुपये पर्यटन विकास के लिए मलूटी और बासुकिनाथ के लिए आवंटित 1-1 करोड़ रुपये पीएल एकाउंट में डाल दिये गये. पीएल एकाउंट से यह राशि काम के आधार पर निकाली जा सकेंगी.
इधर जिला योजना के अनटाईड फंड के 43.25 लाख रुपये में से महज 5.32 लाख रुपये ही खर्च हो पाने की वजह से 37.92 लाख रुपये भी पीएल एकाउंट में डाल देना पड़ा.
