बैंक मोड़ थाना क्षेत्र के नया बाजार निवासी मो इमरान खान के साथ गुरुवार की रात धनबाद स्टेशन के समीप मारपीट कर 20 हजार रुपये और सोने की चेन छीनने का मामला सामने आया है. घटना में इमरान गंभीर रूप से घायल हो गया. उसका इलाज एसएनएमएमसीएच में चल रहा है. भुक्तभोगी ने बैंक मोड़ थाना में लिखित शिकायत देकर कार्रवाई की मांग की है.
ट्रेन का टिकट लेने स्टेशन पहुंचे थे
इमरान खान के अनुसार, वह गुरुवार की रात ट्रेन का टिकट लेने धनबाद स्टेशन गया था. इसी दौरान स्टेशन के समीप पांच-छह लोग उसके पास पहुंचे और 20 हजार रुपये की मांग करने लगे. रुपये मांगने का कारण पूछने पर आरोपितों ने बताया कि पार्किंग में जुआ चल रहा है और उन्हें जुआ खेलने के लिए रुपये चाहिए.
विरोध करने पर पाइप से सिर पर किया वार
इमरान ने बताया कि उसने रुपये देने से इनकार किया, तो आरोपितों ने उसके सिर पर पाइप से हमला कर दिया. हमले में उसके सिर में गंभीर चोट लगी और वह लहूलुहान हो गया. आरोप है कि इसके बाद उसकी जेब से 20 हजार रुपये और सोने की चेन छीन ली गयी.
पुलिस कर रही मामले की जांच
घटना के बाद घायल इमरान को इलाज के लिए एसएनएमएमसीएच में भर्ती कराया गया, जहां उसकी स्थिति गंभीर बतायी जा रही है. इधर, शिकायत मिलने के बाद पुलिस मामले की जांच में जुट गयी है. पुलिस घटना के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज समेत अन्य बिंदुओं की जांच कर रही है.
