Dhanbad News: झरिया थाना क्षेत्र की बस्ताकोला चौहान बस्ती के समीप गुरुवार को एक खाली पड़े भूखंड पर कब्जा करने को लेकर दो पक्षों के बीच विवाद उत्पन्न हो गया. देखते ही देखते दोनों पक्षों के दर्जनों समर्थक मौके पर जुट गये, जिससे क्षेत्र में तनाव की स्थिति बन गयी. सूचना मिलते ही झरिया पुलिस का गश्ती दल मौके पर पहुंचा और हस्तक्षेप कर दोनों पक्षों को शांत कराया. मामले में स्थानीय निवासी विजय सिंह ने आरोप लगाया है कि उनके पड़ोसी बीसीसीएल कर्मी रंजीत नोनिया एवं उनके परिजन सरकारी जमीन के साथ-साथ उनकी रैयती जमीन पर भी कब्जा करने की नीयत से मिट्टी गिरा रहे थे. विरोध करने पर गाली-गलौज और मारपीट की गयी. इस संबंध में विजय सिंह ने झरिया अंचलाधिकारी कार्यालय में लिखित शिकायत भी दर्ज करायी है. वहीं रंजीत नोनिया के परिजनों का कहना है कि वे अपने पुराने घर का निर्माण कार्य करा रहे हैं, जिसका बेवजह विरोध किया जा रहा है. पुलिस ने तत्काल विवादित स्थल पर किसी भी प्रकार के निर्माण कार्य पर रोक लगा दी है और दोनों पक्षों को अपने-अपने जमीन संबंधी कागजात के साथ थाना में उपस्थित होने का निर्देश दिया है.
Dhanbad News: जमीन विवाद में दो पक्ष आमने-सामने आये, पुलिस हस्तक्षेप से टला तनाव
Dhanbad News: झरिया थाना क्षेत्र की बस्ताकोला चौहान बस्ती का मामला
