पूर्वी टुंडी थाना क्षेत्र के मैरानवाटांड़ पंचायत अंतर्गत कांसजोड़ में गत सोमवार की रात अपराधियों ने साधु राय की गुमटी को निशाना बनाते हुए हजारों रु के सामान की चोरी कर ली. स्थानीय लोगों ने सुबह में देखा कि गुमटी में लगा ताला कुंडी समेत काट दिया गया है. अंदर रखा सामान बिखरा हुआ है.
भरण-पोषण पर संकट
भुक्तभोगी साधु राय ने बताया कि गुमटी में तेल-साबून, आटा, आलू,प्याज, नमक, चीनी आदि थोड़ी-बहुत मात्रा में रखकर बेचा करता था. इसी से परिवार का भरण पोषण करता था. रात को गुमटी में ताला लगाकर लगभग सौ मीटर की दूरी पर स्थित अपने घर में जाकर सोता था.
असुरक्षा से ग्रामीणों की चिंता बढ़ी
स्थानीय लोगों के अनुसार, बेजड़ा पुल के क्षतिग्रस्त होने के बाद जामताड़ा आने-जाने के लिए कांसजोड़ मार्ग पर पिछले कुछ दिनों से वाहनों और लोगों की आवाजाही बढ़ गयी है. ऐसे में गुमटी में चोरी की घटना से क्षेत्र के दुकानदारों और ग्रामीणों में चिंता बढ़ गयी है. भुक्तभोगी साधु राय ने चोरी की लिखित सूचना पूर्वी टुंडी थाना में दर्ज करायी है.
