Dhanbad News: गोबर और सड़े फल-सब्जियों से गैस, बिजली और खाद उत्पादन की तैयारीDhanbad News: शहर में कचरे को संसाधन में बदलने की दिशा में नगर निगम ने बड़ी पहल की है. लोको टैंक में बॉयो मिथेनेशन प्लांट स्थापित करने की योजना को निगम बोर्ड ने मंजूरी दे दी है. करीब दो करोड़ रुपये की लागत से बनने वाला यह प्लांट शहर में सॉलिड वेस्ट मैनेजमेंट को नयी दिशा देगा. लोको टैंक का 14 करोड़ की लागत से सौंदर्यीकरण का काम चल रहा है. लेकिन लिक्विड गोबर तालाब में गिरने से प्रदूषण की समस्या बनी हुई है. अब इसी गोबर को उपयोग में लाकर मिथेन गैस, बिजली और खाद का उत्पादन किया जायेगा. इसके साथ ही शहर की सब्जी मंडियों से निकलने वाले सड़े-गले फल व सब्जियों को भी प्लांट में प्रोसेस किया जायेगा.
300 यूनिट बिजली का होगा उत्पादन
पांच टन क्षमता वाले इस प्लांट से मिथेन गैस, प्रतिदिन लगभग 300 यूनिट बिजली का उत्पादन होगा. साथ ही, ठोस व तरल खाद भी तैयार होगी, जिसका उपयोग कृषि कार्यों में किया जा सकेगा. करीब 600 वर्ग मीटर क्षेत्रफल में बनने वाला यह प्लांट पर्यावरण संरक्षण के साथ-साथ नगर निगम के लिए आय का भी स्रोत बनेगा. इस पहल से लोको टैंक क्षेत्र में गंदगी और जल प्रदूषण की समस्या पर अंकुश लगेगा और शहर को स्वच्छ, हरित व ऊर्जा सक्षम बनाने में मदद मिलेगी.
मुख्य बिंदु
-दो करोड़ की लागत से तैयार होगी परियोजना-पांच टन कचरा प्रोसेस करने की होगी क्षमता-लिक्विड गोबर से होने वाले प्रदूषण पर लगेगा ब्रेक
-नगर निगम बोर्ड से मिल चुकी है हरी झंडीडीपीआर बनाने की चल रही तैयारी
लोको टैंक का सौंदर्यीकरण किया जा रहा है. नाले के गंदा पानी को ट्रीटमेंट करने के लिए एसटीपी लगाया जा रहा है. लोको टैंक के पास खटाल है, जहां से लिक्विड गोबर तालाब में आ रहा है. इसको रोकने के लिए बॉयो मिथेनेशन प्लांट लगाया जा रहा है. बोर्ड से योजना पारित हो चुकी है. डीपीआर बनाने की तैयारी की जा रही है. इसके बाद टेंडर की प्रक्रिया के बाद प्लांट लगाने का काम शुरू किया जायेगा.
