Tejashwi Yadav Dhanbad Visit: झारखंड के धनबाद जिले के गोविंदपुर में शनिवार की शाम उस समय राजनीतिक माहौल गरमा गया, जब बिहार विधानसभा में प्रतिपक्ष के नेता तेजस्वी यादव ने मीडिया से बातचीत के दौरान केंद्र और राज्य सरकारों पर तीखा हमला बोला. वह कोलकाता से पटना जाने के क्रम में जीटी रोड स्थित एक रिसोर्ट में कुछ घंटों के लिए रुके थे, जहां उन्होंने पत्रकारों के सवालों का जवाब दिया.
जदयू को खत्म करने की साजिश
तेजस्वी यादव ने कहा कि महाराष्ट्र की तर्ज पर बिहार में भी सत्ता परिवर्तन की प्रक्रिया चल रही है. उनका आरोप था कि भाजपा जिस पार्टी के साथ गठबंधन करती है, उसे धीरे-धीरे कमजोर कर समाप्त कर देती है. उन्होंने दावा किया कि बिहार में भी यही स्थिति बन रही है और जदयू को खत्म करने की साजिश रची जा रही है.
नीतीश कुमार पर साधा निशाना
इस दौरान उन्होंने मुख्यमंत्री नीतीश कुमार पर भी निशाना साधा. उन्होंने कहा कि भाजपा रबर स्टैंप मुख्यमंत्री चाहती है और इसी कारण नीतीश कुमार को सुनियोजित तरीके से राज्यसभा भेजने की कोशिश हो रही है. उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि भाजपा दलित, आदिवासी और पिछड़ा वर्ग विरोधी नीतियां अपना रही है.
राज्यसभा चुनाव और क्रॉस वोटिंग पर उठाए सवाल
बिहार में हाल ही में हुए राज्यसभा चुनाव में क्रॉस वोटिंग को लेकर भी तेजस्वी यादव ने सवाल उठाए. उन्होंने कहा कि एनडीए को तीन और राजद को छह वोट की आवश्यकता थी, लेकिन छल और प्रपंच के जरिए वोट हासिल किए गए. उन्होंने इस पूरी प्रक्रिया पर गंभीर आरोप लगाते हुए पारदर्शिता पर सवाल खड़े किए.
पश्चिम बंगाल में भाजपा पर कसा तंज
तेजस्वी यादव ने पश्चिम बंगाल की राजनीति पर भी टिप्पणी की. उन्होंने कहा कि वहां भाजपा की दाल नहीं गलने वाली है और ममता बनर्जी एक बार फिर मुख्यमंत्री बनेंगी. उन्होंने भाजपा पर आरोप लगाया कि वह लोकतांत्रिक मूल्यों को कमजोर करने का काम कर रही है.
महंगाई, बेरोजगारी और किसानों के मुद्दे उठाए
अपने संबोधन में उन्होंने केंद्र सरकार पर महंगाई, बेरोजगारी और पलायन जैसे मुद्दों पर भी हमला बोला. उन्होंने कहा कि देश की जनता इन समस्याओं से परेशान है, लेकिन सरकार इन पर ध्यान देने के बजाय राजनीतिक एजेंडे पर काम कर रही है. किसानों की स्थिति को लेकर भी उन्होंने चिंता जताई और कहा कि उनके साथ अन्याय हो रहा है.
समर्थकों ने किया जोरदार स्वागत
गोविंदपुर पहुंचने पर तेजस्वी यादव का स्थानीय नेताओं और कार्यकर्ताओं ने जोरदार स्वागत किया. इस दौरान राजद जिलाध्यक्ष राघवेंद्र यादव, कांग्रेस नेता सुंदर यादव, जेपी यादव, आरएन सिंह, प्रो केपी अजीत, शेखर यादव, चंदन सिंह, मिथिलेश यादव, जयप्रकाश, मानस रंजन, राहुल यादव, पिंटू यादव, विवेक यादव और शशि शेखर यादव समेत कई कार्यकर्ता मौजूद रहे.
इसे भी पढ़ें: प्रेमी संग भाग गई एक बच्चे की मां, 15 लाख के गहने और 1 लाख नकदी भी ले उड़ी
राजनीतिक हलचल के बीच बढ़ी चर्चा
तेजस्वी यादव के इस दौरे और बयानबाजी के बाद क्षेत्र में राजनीतिक चर्चा तेज हो गई है. उनके बयानों ने आने वाले समय में बिहार और आसपास की राजनीति में संभावित बदलावों को लेकर अटकलों को और हवा दे दी है.
इसे भी पढ़ें: चाईबासा में कांग्रेस का 10 दिवसीय शिविर आज से शुरू, 31 मार्च को पहुंचेंगे राहुल गांधी
