धनबाद जिला परिवहन विभाग ने राज्य सरकार की ओर से निर्धारित राजस्व लक्ष्य को पूरा करने की दिशा में बकाया टैक्स की वसूली शुरू कर दी है. विभाग ने वाहन पोर्टल पर उपलब्ध रिकॉर्ड की जांच के बाद टैक्स बकाया रखने वाले 130 भारी मालवाहक वाहनों की सूची जारी की है. सूची में शामिल वाहनों पर कुल 4.86 करोड़ रुपये का टैक्स बकाया बताया गया है. एक वाहन के सामने बकाया राशि के स्थान पर एनए दर्ज है, इसलिए उसे कुल बकाया राशि में शामिल नहीं किया गया है.
विभाग ने संबंधित वाहन मालिकों को लंबित टैक्स जमा करने के साथ वाहनों के जरूरी कागजात भी अद्यतन कराने का निर्देश दिया है. निर्धारित निर्देशों का पालन नहीं करने पर मोटर वाहन अधिनियम, 1988 की सुसंगत धाराओं के तहत कार्रवाई की चेतावनी दी गयी है.
लिब्रा बिजनेस के 46 वाहनों पर एक करोड़ से अधिक बकाया
जारी सूची में कई वाहन मालिक और कंपनियां बड़ी बकाया राशि के साथ शामिल हैं. इनमें लिब्रा बिजनेस प्राइवेट लिमिटेड के 46 वाहनों पर एक करोड़ रुपये से अधिक का टैक्स बकाया बताया गया है. इसके बाद वीएसए इंफ्रा प्रोजेक्ट्स प्राइवेट लिमिटेड के 15 वाहनों पर 1.63 करोड़ रुपये से अधिक की देनदारी दर्ज है.
अमित कुमार टिबरेवाल के तीन वाहनों पर भी एक करोड़ रुपये का टैक्स बकाया बताया गया है. वहीं, अनिस एकवाल के चार वाहनों पर करीब 10 लाख रुपये और विनिर्मा प्रोजेक्ट्स प्राइवेट लिमिटेड के छह वाहनों पर करीब 12 लाख रुपये की देनदारी दर्ज है.
कई अन्य वाहन मालिक भी बकायेदारों की सूची में
सूची के अनुसार वैरिएंट कमर्शियल प्राइवेट लिमिटेड के सात वाहनों पर करीब एक लाख रुपये, उत्तम सिटी इंफ्रा एंड सर्विस प्राइवेट लिमिटेड के छह वाहनों पर करीब पांच लाख रुपये और आरती देवी के तीन वाहनों पर करीब पांच लाख रुपये का टैक्स बकाया है.
आयुष कुमार सिन्हा के चार वाहनों पर सात लाख रुपये से अधिक की देनदारी दर्ज है. वहीं, अभय कुमार के दो वाहनों पर करीब 26 लाख रुपये और अजय अग्रवाल के दो वाहनों पर करीब 10 लाख रुपये का टैक्स बकाया बताया गया है.
एसीइ सेल्स एंड लॉजिस्टिक्स के 13 वाहन भी सूची में
बकायेदारों की सूची में एसीइ सेल्स एंड लॉजिस्टिक्स के 13 वाहन शामिल हैं. इन पर करीब 12 लाख रुपये का टैक्स बकाया बताया गया है. एसीएम फ्यूल्स प्राइवेट लिमिटेड के दो वाहनों पर करीब एक लाख रुपये और आदित्य फ्यूल्स के पांच वाहनों पर करीब 72 हजार रुपये की देनदारी दर्ज है.
एलायंस इंफ्रास्ट्रक्चर कॉरपोरेशन के सात वाहनों पर भी करीब सात लाख रुपये का टैक्स बकाया बताया गया है.
टैक्स के साथ कागजात अपडेट कराने का निर्देश
परिवहन विभाग ने सूची में शामिल सभी संबंधित वाहन स्वामियों को बकाया टैक्स जमा करने और वाहनों के कागजात अद्यतन कराने का निर्देश दिया है. विभाग का यह अभियान राजस्व वसूली बढ़ाने की कवायद का हिस्सा है. राज्य सरकार की ओर से निर्धारित राजस्व लक्ष्य को हासिल करने के लिए पुराने और लंबित कर मामलों की वसूली पर विशेष जोर दिया जा रहा है.
विभाग ने स्पष्ट किया है कि निर्देशों का पालन नहीं करने पर मोटर वाहन अधिनियम, 1988 की लागू धाराओं के तहत नियमानुसार कार्रवाई की जायेगी. उपलब्ध सूची में दर्ज 130 वाहनों में से एक वाहन की बकाया राशि एनए होने के कारण उसे 4.86 करोड़ रुपये के कुल बकाये में शामिल नहीं किया गया है.
