शहर के प्रसिद्ध सनीज फिटनेस में सावन के अवसर पर महिला सदस्यों की ओर से सावन उत्सव का आयोजन हर्षोल्लास के साथ किया गया. कार्यक्रम में जिम की महिला सदस्य पारंपरिक परिधानों और हरे रंग की आकर्षक वेशभूषा में पहुंचीं. उत्सव के दौरान गीत-संगीत, नृत्य और मनोरंजक गतिविधियों के बीच महिलाओं ने जमकर आनंद लिया.
पारंपरिक अंदाज में हुआ अतिथियों का स्वागत
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में सनीज फिटनेस की मालकिन सुधा पांडे और जनता मजदूर संघ की प्रमुख मिनी सिद्धार्थ गौतम मौजूद रहीं. महिला सदस्यों ने अतिथियों का पारंपरिक तरीके से स्वागत किया और पुष्पगुच्छ भेंट किये.
सावन गीतों पर थिरके कदम, मेहंदी और सावन क्वीन प्रतियोगिता
उत्सव के दौरान महिलाओं ने सावन के पारंपरिक गीतों और संगीत पर नृत्य प्रस्तुत किया. इसके अलावा कई मनोरंजक खेलों का आयोजन किया गया. महिलाओं ने मेहंदी प्रतियोगिता और सावन क्वीन गतिविधि में भी उत्साह के साथ भाग लिया. पूरे कार्यक्रम के दौरान उत्सवी माहौल बना रहा.
फिटनेस के साथ सांस्कृतिक गतिविधियां भी जरूरी : सुधा पांडे
मुख्य अतिथि सुधा पांडे ने महिला सदस्यों को सावन की शुभकामनाएं दीं. उन्होंने कहा कि फिटनेस के साथ ऐसे सांस्कृतिक आयोजन भी जरूरी हैं. इस तरह के कार्यक्रम महिलाओं को एक-दूसरे से जुड़ने, खुशियां साझा करने और सकारात्मक माहौल बनाने का अवसर देते हैं.
