राष्ट्रीय बाल स्वास्थ्य कार्यक्रम (आरबीएसके) के तहत सदर अस्पताल में 11 से 21 अगस्त तक विशेष स्वास्थ्य शिविर का आयोजन किया जायेगा. शिविर में जिले के विभिन्न प्रखंडों से चिह्नित 526 बच्चों की विशेषज्ञ चिकित्सकों द्वारा नि:शुल्क जांच और उपचार किया जायेगा. स्वास्थ्य विभाग ने शिविर की सभी तैयारियां पूरी कर ली हैं.
1200 चिह्नित बच्चों में 724 का हो चुका है इलाज
स्वास्थ्य विभाग के अनुसार आरबीएसके के तहत जिले में कुल 1200 बच्चों को उपचार के लिए चिह्नित किया गया था. इनमें से 10 और 13 जुलाई को आयोजित विशेष शिविरों में 724 बच्चों का इलाज किया जा चुका है. शेष 526 बच्चों के लिए अब 11 से 21 अगस्त तक चरणबद्ध तरीके से विशेष शिविर आयोजित किया जायेगा.
विभिन्न रोगों के विशेषज्ञ देंगे सेवाएं
शिविर में क्लब फुट, दंत रोग, आंख, कान-नाक-गला (ईएनटी), कटे होंठ एवं तालू, त्वचा रोग तथा अन्य स्वास्थ्य समस्याओं से ग्रसित बच्चों का उपचार किया जायेगा. इसके लिए एसएनएमएमसीएच के ऑर्थो, डेंटल, आई, ईएनटी, न्यूरोसर्जरी, मेडिसिन और स्किन विभाग के विशेषज्ञ चिकित्सकों की टीम सेवाएं देगी.
तय कार्यक्रम के अनुसार होगा उपचार
शिविर के तहत 11 अगस्त को क्लब फुट से पीड़ित चार बच्चों का इलाज किया जायेगा. 12 और 13 अगस्त को दंत रोग से संबंधित 214 बच्चों की जांच एवं उपचार होगा. 17 और 18 अगस्त को आंख संबंधी समस्याओं वाले 50 बच्चों का इलाज किया जायेगा. 19 अगस्त को ईएनटी के 21 मरीजों, 20 अगस्त को कटे होंठ-तालू के 14 तथा मेडिसिन से संबंधित 46 बच्चों का उपचार किया जायेगा. वहीं 21 अगस्त को त्वचा रोग से पीड़ित 34 बच्चों की जांच और इलाज होगा.
बच्चों को मिलेगी विशेषज्ञ चिकित्सा सुविधा
स्वास्थ्य विभाग का कहना है कि शिविर का उद्देश्य गंभीर एवं जन्मजात बीमारियों से पीड़ित बच्चों को समय पर विशेषज्ञ चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराना है, ताकि उनका समुचित उपचार सुनिश्चित हो सके और उन्हें बेहतर स्वास्थ्य लाभ मिल सके.
