धनबाद, खरसावां और नोवामुंडी में 28 जून से शुरू होगा पल्स पोलियो अभियान, लाखों बच्चों को पिलाई जाएगी जीवनरक्षक खुराक

Pulse Polio Campaign: धनबाद, खरसावां और नोवामुंडी में 28 से 30 जून तक पल्स पोलियो अभियान चलाया जाएगा. धनबाद में 4.24 लाख, खरसावां में 11,317 और नोवामुंडी में 20,160 बच्चों को पोलियो की खुराक पिलाने का लक्ष्य रखा गया है. स्वास्थ्य विभाग ने सभी तैयारियां पूरी कर ली हैं.

शोभित रंजन, शचिंद्र दाश और सुबोध मिश्रा की रिपोर्ट

Pulse Polio Campaign: झारखंड के धनबाद, खरसावां और नोवामुंडी प्रखंडों में 28 जून से 30 जून 2026 तक पल्स पोलियो अभियान चलाया जाएगा. अभियान के तहत 0 से 5 वर्ष तक के बच्चों को पोलियो की खुराक पिलाई जाएगी, ताकि उन्हें इस गंभीर बीमारी से सुरक्षित रखा जा सके. स्वास्थ्य विभाग ने अभियान की सभी तैयारियां पूरी कर ली हैं और इसके सफल संचालन के लिए व्यापक स्तर पर व्यवस्था की गई है.

धनबाद में 4.24 लाख से अधिक बच्चों को दवा पिलाने का लक्ष्य

धनबाद जिले में आगामी तीन दिवसीय अभियान के दौरान 4 लाख 24 हजार 729 बच्चों को पोलियो की दवा पिलाने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है. अभियान की तैयारियों को लेकर गुरुवार को समाहरणालय में सिविल सर्जन डॉ. आलोक विश्वकर्मा की अध्यक्षता में जिला टास्क फोर्स की बैठक आयोजित की गई. सिविल सर्जन ने बताया कि 28 जून को जिले के सभी निर्धारित बूथों पर बच्चों को पोलियो की खुराक दी जाएगी. इसके बाद 29 और 30 जून को स्वास्थ्य विभाग की टीमें घर-घर जाकर उन बच्चों को दवा पिलाएंगी जो किसी कारणवश बूथ तक नहीं पहुंच पाएंगे. अभियान का औपचारिक शुभारंभ 28 जून को सुबह 8 बजे सदर अस्पताल सहित जिले के सभी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों में किया जाएगा.

1976 बूथ और विशेष टीमों की तैनाती

धनबाद जिले में अभियान के सफल संचालन के लिए कुल 1976 बूथ बनाए गए हैं. इनमें 1873 स्थायी बूथ, 79 ट्रांजिट बूथ और 16 मोबाइल टीमें शामिल हैं. इसके अलावा आठ सदस्यीय एक विशेष टीम का भी गठन किया गया है, जो अभियान की निगरानी और समन्वय का कार्य करेगी. स्वास्थ्य विभाग ने दवा की उपलब्धता सुनिश्चित करने के लिए 137 सब-डिपो स्थापित किए हैं, जहां से सभी बूथों तक समय पर पोलियो वैक्सीन पहुंचाई जाएगी. अभियान की मॉनिटरिंग के लिए 392 सुपरवाइजरों की प्रतिनियुक्ति की गई है.

तैयारियों की समीक्षा, अधिकारियों को दिए गए निर्देश

जिला टास्क फोर्स की बैठक में अभियान की सूक्ष्म कार्ययोजना, दवा वितरण, मानव संसाधन की उपलब्धता और निगरानी व्यवस्था की विस्तृत समीक्षा की गई. बैठक में सदर अस्पताल के उपाधीक्षक डॉ. संजीव कुमार प्रसाद, डॉ. रोहित गौतम, डब्ल्यूएचओ के एसएमओ डॉ. दीपक कुमार, डीपीएम प्रतिमा कुमारी, डॉ. मंजु दास, डीपीसी रेखा कुमारी सहित विभिन्न प्रखंडों के चिकित्सा पदाधिकारी और स्वास्थ्यकर्मी उपस्थित थे.

खरसावां में 11,317 बच्चे पीएंगे पोलियो की खुराक

सरायकेला-खरसावां जिले के खरसावां प्रखंड में भी 28 से 30 जून तक पल्स पोलियो अभियान चलाया जाएगा. अभियान की तैयारियों को लेकर प्रखंड सभागार में बीडीओ प्रधान माझी की अध्यक्षता में बैठक आयोजित की गई. बैठक में प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. विरांगना सिंकू ने बताया कि 28 जून को बूथ दिवस मनाया जाएगा, जबकि 29 और 30 जून को स्वास्थ्यकर्मी घर-घर जाकर बच्चों को पोलियो की खुराक देंगे. प्रखंड में 0 से 5 वर्ष तक के कुल 11,317 बच्चों को दवा पिलाने का लक्ष्य रखा गया है. अभियान के लिए 112 पोलियो बूथ, दो ट्रांजिट बूथ और एक मोबाइल टीम का गठन किया गया है. इसके अलावा 23 सुपरवाइजर और 230 वैक्सीनेटरों की तैनाती की गई है.

हर अधिकारी करेगा बूथों का निरीक्षण

बैठक में बीडीओ प्रधान माझी ने सभी अधिकारियों को अभियान की नियमित निगरानी सुनिश्चित करने का निर्देश दिया. उन्होंने कहा कि प्रत्येक अधिकारी प्रतिदिन कम से कम पांच पोलियो बूथों का निरीक्षण करें और अभियान की प्रगति का मूल्यांकन करें. उन्होंने जनप्रतिनिधियों, आंगनबाड़ी सेविकाओं, सहियाओं और अभिभावकों से अभियान को सफल बनाने में सहयोग करने की अपील की.

नोवामुंडी में 20,160 बच्चों तक पहुंचेगी पोलियो की दवा

पश्चिमी सिंहभूम जिले के नोवामुंडी प्रखंड में भी 28 जून से पल्स पोलियो अभियान शुरू होगा. प्रखंड कार्यालय परिसर में बीडीओ पप्पू रजक की अध्यक्षता में आयोजित टास्क फोर्स की बैठक में अभियान की तैयारियों की समीक्षा की गई. सीएचसी प्रभारी डॉ. हरिपद हेम्ब्रम ने बताया कि प्रखंड में कुल 165 बूथ बनाए गए हैं. इसके अलावा 19 ट्रांजिट बूथों की भी व्यवस्था की गई है. 28 जून को सभी बूथों और आंगनबाड़ी केंद्रों पर बच्चों को पोलियो की खुराक पिलाई जाएगी. उन्होंने बताया कि 29 और 30 जून को स्वास्थ्य विभाग की टीमें घर-घर जाकर उन बच्चों तक पहुंचेंगी जो बूथों पर नहीं आ पाएंगे. प्रखंड में कुल 20,160 बच्चों को पोलियो की खुराक पिलाने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है.

इसे भी पढ़ें: एसिड अटैक पीड़ित को मिलेगा 15 लाख का मुआवजा, झारखंड हाईकोर्ट ने राज्य सरकार को दिया आदेश

“दो बूंद जिंदगी की” अभियान को सफल बनाने की अपील

बैठक में बीडीओ पप्पू रजक ने कहा कि पोलियो जैसी गंभीर बीमारी को पूरी तरह समाप्त करने के लिए समाज के सभी वर्गों की भागीदारी आवश्यक है. उन्होंने सभी अधिकारियों और कर्मियों को पूरी जिम्मेदारी के साथ अभियान को सफल बनाने का निर्देश दिया. स्वास्थ्य विभाग ने सभी अभिभावकों से अपील की है कि वे अपने 0 से 5 वर्ष तक के बच्चों को नजदीकी पोलियो बूथ पर अवश्य लेकर आएं और उन्हें “दो बूंद जिंदगी की” पिलाएं. अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि पोलियो मुक्त समाज के लक्ष्य को प्राप्त करने के लिए यह जरूरी है कि कोई भी बच्चा पोलियो की खुराक से वंचित न रहे.

इसे भी पढ़ें: बेटी के जन्म पर परिवार ने ऐसा मनाया उत्सव कि देखते रह गए लोग, सजी-धजी कार से घर पहुंची नन्ही परी

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Published by: KumarVishwat Sen

कुमार विश्वत सेन प्रभात खबर डिजिटल में डेप्यूटी चीफ कंटेंट राइटर हैं. इनके पास हिंदी पत्रकारिता का 25 साल से अधिक का अनुभव है. इन्होंने 21वीं सदी की शुरुआत से ही हिंदी पत्रकारिता में कदम रखा. दिल्ली विश्वविद्यालय से हिंदी पत्रकारिता का कोर्स करने के बाद दिल्ली के दैनिक हिंदुस्तान से रिपोर्टिंग की शुरुआत की. इसके बाद वे दिल्ली में लगातार 12 सालों तक रिपोर्टिंग की. इस दौरान उन्होंने दिल्ली से प्रकाशित दैनिक हिंदुस्तान दैनिक जागरण, देशबंधु जैसे प्रतिष्ठित अखबारों के साथ कई साप्ताहिक अखबारों के लिए भी रिपोर्टिंग की. 2013 में वे प्रभात खबर आए. तब से वे प्रिंट मीडिया के साथ फिलहाल पिछले 10 सालों से प्रभात खबर डिजिटल में अपनी सेवाएं दे रहे हैं. इन्होंने अपने करियर के शुरुआती दिनों में ही राजस्थान में होने वाली हिंदी पत्रकारिता के 300 साल के इतिहास पर एक पुस्तक 'नित नए आयाम की खोज: राजस्थानी पत्रकारिता' की रचना की. इनकी कई कहानियां देश के विभिन्न पत्र-पत्रिकाओं में प्रकाशित हुई हैं.

Read More

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >