ओडिशा में डकैती व हत्या मामले में धनबाद से छह गिरफ्तार

ओडिशा पुलिस ने तीन महीने पुरानी डकैती और हत्या की सनसनीखेज वारदात में बड़ी कामयाबी हासिल की है. धनबाद के बरवाअड्डा थाना क्षेत्र से पुलिस ने कथित गिरोह सरगना भरत साव समेत छह आरोपियों को गिरफ्तार किया है. आरोपियों के घर से लूटी गई डेढ़ लाख रुपये नकद और सोने-चांदी के जेवरात भी बरामद हुए हैं.

ओडिशा के भद्रक जिले के सोबरंग थाना क्षेत्र में करीब तीन माह पूर्व हुई डकैती और हत्या की सनसनीखेज वारदात के मामले में ओडिशा पुलिस ने धनबाद के बरवाअड्डा थाना क्षेत्र में छापेमारी कर छह आरोपियों को गिरफ्तार किया है. रविवार शाम भद्रक के ग्रामीण एसडीपीओ के नेतृत्व में पहुंची पुलिस टीम ने बरवाअड्डा पुलिस के सहयोग से कार्रवाई करते हुए आरोपियों को दबोचा और अपने साथ ओडिशा ले गयी.

मोबाइल लोकेशन और सीसीटीवी फुटेज से मिले सुराग

जानकारी के अनुसार, भद्रक जिले के सोबरंग थाना क्षेत्र में अपराधियों ने डकैती की घटना को अंजाम देने के दौरान एक व्यक्ति की हत्या कर दी थी. मामले में सोबरंग थाना कांड संख्या 578 दर्ज कर पुलिस जांच में जुटी थी. मोबाइल लोकेशन और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर पुलिस को धनबाद के कुछ लोगों की संलिप्तता के संकेत मिले, जिसके बाद छापेमारी की गयी.

सरगना भरत साव समेत छह आरोपी गिरफ्तार

पुलिस ने छाताटांड़ गांव से गिरोह के कथित सरगना भरत साव और लाल बहादुर साव, सोनरिया गांव से देवीलाल दास और प्रकाश दास, मधुगोड़ा गांव से कालाचंद साव तथा गोविंदपुर से करीम अंसारी को गिरफ्तार किया है. सभी को पूछताछ के लिए ओडिशा ले जाया गया है.

घर से बरामद हुई लूट की रकम और जेवरात

पुलिस सूत्रों के अनुसार, छाताटांड़ निवासी भरत साव इस गिरोह का मुख्य सरगना है. उसे जीटी रोड स्थित खरनी मोड़ के पास जाल बिछाकर पकड़ा गया. इसके बाद पुलिस उसे उसके घर ले गयी, जहां करीब दो घंटे तक तलाशी अभियान चलाया गया. छापेमारी के दौरान पुलिस ने डेढ़ लाख रुपये नकद, सोने-चांदी के जेवरात तथा अन्य सामान बरामद किये, जिन्हें लूट की घटना से जुड़ा बताया जा रहा है.

अंतरराज्यीय गिरोह की भूमिका की जांच

पुलिस का मानना है कि डकैती और हत्या की इस वारदात के पीछे एक बड़े अंतरराज्यीय गिरोह का हाथ है. गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ के आधार पर गिरोह के अन्य सदस्यों और नेटवर्क की जानकारी जुटायी जा रही है. मामले में आगे की जांच जारी है.


प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By Hiralal pandey

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.
Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >