धनबाद नगर निगम ने सफाई व्यवस्था में कार्यरत मजदूरों को सामाजिक सुरक्षा प्रदान करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम उठाया है. अब किसी सफाईकर्मी की मृत्यु होने पर उसके आश्रित परिवार को नगर निगम की ओर से तत्काल एक लाख रुपये की आर्थिक सहायता दी जाएगी. शनिवार को आयोजित नगर निगम बोर्ड की बैठक में इस प्रस्ताव को मंजूरी प्रदान की गयी.
800 सफाई मजदूरों को मिलेगा लाभ
नगर आयुक्त आशीष गंगवार ने बताया कि निगम क्षेत्र में कार्यरत करीब 800 सफाई मजदूर इस योजना के दायरे में आएंगे. सफाईकर्मी प्रतिदिन जोखिमपूर्ण परिस्थितियों में शहर की स्वच्छता व्यवस्था बनाए रखने का कार्य करते हैं. ऐसे में उनके परिवारों को संकट की घड़ी में तत्काल सहायता उपलब्ध कराना जरूरी था.
बीमा राशि मिलने में होती है देरी
नगर आयुक्त ने बताया कि सामान्यतः बीमा की राशि मिलने में काफी समय लग जाता है. इस कारण किसी सफाईकर्मी की मृत्यु के बाद उसके परिवार को तत्काल आर्थिक संकट का सामना करना पड़ता है. इसी स्थिति को देखते हुए निगम बोर्ड ने त्वरित राहत उपलब्ध कराने का निर्णय लिया है.
निर्धारित प्रक्रिया के बाद मिलेगी सहायता राशि
नगर निगम के अनुसार सफाईकर्मी की मृत्यु के बाद निर्धारित प्रक्रिया पूरी होने पर उसके आश्रित परिवार को अविलंब एक लाख रुपये की सहायता राशि प्रदान की जाएगी. इससे परिवार को प्रारंभिक आर्थिक सहायता मिल सकेगी और कठिन परिस्थितियों में राहत मिलेगी.
सामाजिक सुरक्षा की दिशा में अहम पहल
नगर निगम का यह निर्णय सफाई मजदूरों और उनके परिवारों के लिए सामाजिक सुरक्षा की दिशा में महत्वपूर्ण पहल माना जा रहा है. निगम प्रशासन का मानना है कि इस व्यवस्था से सफाईकर्मियों का मनोबल बढ़ेगा और उनके परिवारों को संकट के समय तत्काल सहारा मिल सकेगा.
