धनबाद. भूली ओपी क्षेत्र के आजाद नगर निवासी शाहनवाज हक उर्फ राजा की पत्नी शहाना खातून और उसके 11 माह के बेटे फैजान की आग से झुलसने के मामले में गुरुवार को शहाना की भी मौत हो गयी. घटना के एक दिन पूर्व इलाज के दौरान उसके बेटे फैजान की मौत हो चुकी थी.
इधर, महिला के मायके पक्ष ने ससुराल वालों पर दहेज के लिए मां-बेटे को जलाकर मारने का मामला दर्ज किया है. मृतका के पिता मो. गुलाम रसूल ने भूली ओपी पुलिस को शिकायत देकर पति शाहनवाज हक उर्फ राजा, ससुर एनामुल हक और सास मुसरत निगार उर्फ बेबी के खिलाफ कार्रवाई की मांग की.
पुलिस ने पति और ससुर को गिरफ्तार कर भेजा जेल
पुलिस ने आवेदन के आधार पर तीनों के खिलाफ दहेज हत्या का मामला दर्ज किया और पति और ससुर को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया. भूली बी ब्लॉक निवासी गुलाम रसूल के अनुसार, उनकी बेटी शहाना की शादी नवंबर 2024 में राजा से हुई थी. शादी के दौरान ससुराल पक्ष को 10 लाख रुपये नकद और करीब चार लाख रुपये के जेवर दिये गये थे.
ये भी पढ़ें: भारत में 2026 तक 4.2% बढ़ सकती है कोयले की खपत, बिजली की बढ़ती मांग बनी वजह
आरोप है कि इसके बावजूद ससुराल वाले अतिरिक्त दहेज के रूप में आठ लाख रुपये की मांग करने लगे. मांग पूरी नहीं होने पर शहाना को मानसिक और शारीरिक रूप से प्रताड़ित किया जाता था. पति उसे दूसरी शादी करने की धमकी भी देता था. पिता ने पुलिस को बताया कि आठ सितंबर को शहाना की सास ने फोन कर बताया था कि मायके जाने की बात को लेकर घर में विवाद हुआ है और शाहनवाज ने शहाना को थप्पड़ मारा है.
शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया
सूचना पर गुलाम रसूल बेटी के ससुराल पहुंचे. शहाना ने बताया कि उसका पति उसे छोड़कर दूसरी शादी करने की धमकी दे रहा है. पिता ने बेटी और सास को समझाया, जिसके बाद शहाना ने ससुराल वालों से माफी भी मांगी थी.
ये भी पढ़ें: जयराम महतो की अग्रिम जमानत पर फैसला 14 सितंबर को, कोर्ट में दोनों पक्षों ने रखी दलील
गुलाम रसूल के मुताबिक, नौ सितंबर को दोपहर करीब 2:15 बजे शाहनवाज ने मायके में फोन कर बताया कि शहाना और उसका 11 माह का बेटा आग से झुलस गये हैं. सूचना मिलते ही परिजन अस्पताल पहुंचे, जहां दोनों की हालत गंभीर थी. इलाज के दौरान पहले बेटे फैजान और गुरुवार को शहाना की मौत हो गयी. पुलिस ने जहां बेटे को शव को परिजनों को सौंप दिया है, वहीं मां के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा है.
