बीएसएल में टेंडर दिलाने के नाम पर 17 लाख से अधिक की ठगी का आरोप

बोकारो स्टील लिमिटेड (BSL) में टेंडर दिलाने के नाम पर लाखों रुपये की ठगी का सनसनीखेज मामला सामने आया है. शिकायतकर्ता ने दो लोगों पर 17 लाख से अधिक की धोखाधड़ी और धमकी देने का आरोप लगाया है. पुलिस जांच में जुट गई है.

बोकारो स्टील लिमिटेड (बीएसएल) में लेबर सप्लाई का टेंडर दिलाने के नाम पर लाखों रुपये की कथित ठगी का मामला सामने आया है. धनबाद थाना क्षेत्र निवासी विकास प्रसाद चौरसिया ने दो लोगों पर धोखाधड़ी, अमानत में खयानत और जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगाते हुए पुलिस से शिकायत की है. मामले में पुलिस जांच कर रही है.

टेंडर दिलाने का दिया गया था झांसा

शिकायत के अनुसार, जनवरी 2026 में विकास प्रसाद चौरसिया की मुलाकात पिंटू कुमार से हुई थी. पिंटू ने खुद को प्रभावशाली बताते हुए बीएसएल बोकारो में लेबर सप्लाई का टेंडर दिलाने का भरोसा दिया. शिकायतकर्ता का आरोप है कि इसी दौरान उसकी बातचीत कुंदन कुमार से भी करायी गयी, जिसे बीएसएल का वरिष्ठ अधिकारी बताकर परिचित कराया गया.

बैंक खातों में भेजे 12.86 लाख रुपये

विकास प्रसाद के मुताबिक, आरोपियों के झांसे में आकर उन्होंने 18 जनवरी से 25 फरवरी 2026 के बीच विभिन्न बैंक खातों में कुल 12.86 लाख रुपये ट्रांसफर किये. इसके अलावा पांच लाख रुपये नकद भी दिये गये. शिकायतकर्ता का कहना है कि रकम लेने के बाद भी न तो टेंडर दिलाया गया और न ही पैसा वापस किया गया.

चेक बाउंस होने के बाद बढ़ा विवाद

शिकायत में कहा गया है कि बार-बार रकम मांगने पर आरोपी ने आठ लाख रुपये का चेक दिया. हालांकि बैंक में प्रस्तुत करने पर चेक बाउंस हो गया. इसके बाद शिकायतकर्ता ने दोबारा राशि लौटाने की मांग की, लेकिन कोई समाधान नहीं निकला.

बेटे को धमकाने का भी आरोप

विकास प्रसाद ने आरोप लगाया है कि पैसे वापस मांगने पर उन्हें और उनके पुत्र रियान मेहरा को धमकी दी गयी. शिकायत के अनुसार, उनके बेटे को रास्ते में रोककर दोबारा पैसे की मांग नहीं करने की चेतावनी दी गयी. साथ ही गंभीर परिणाम भुगतने की धमकी भी दी गयी.

पुलिस कर रही मामले की जांच

शिकायत मिलने के बाद पुलिस पूरे मामले की जांच में जुट गयी है. आरोपों की सत्यता और वित्तीय लेन-देन से जुड़े दस्तावेजों की जांच की जा रही है. जांच के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जायेगी.


प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By Niraj ambasta

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.
Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >