धनबाद. जमाडा की जलापूर्ति व्यवस्था प्रभावित होने से गोधर क्षेत्र की कुर्मीडीह बस्ती, 15 नंबर कॉलोनी और नयी दिल्ली गोधर चार नंबर समेत आसपास की कई बस्तियों में पिछले दो सप्ताह से पेयजल संकट गहरा गया है.
स्थानीय लोगों के अनुसार, गुरुवार को महज 10 मिनट ही जलापूर्ति हुई, जो बड़ी आबादी की जरूरत के मुकाबले काफी कम रही. पानी की किल्लत के कारण कई परिवार बारिश के पानी और अन्य वैकल्पिक स्रोतों पर निर्भर हैं.
16 इंच की मुख्य पाइपलाइन क्षतिग्रस्त
स्थानीय समाजसेवी नंदलाल महतो ने बताया कि जमाडा जलागार से 18 इंच की पाइपलाइन के जरिये पानी कुसुंडा स्टेशन स्थित भूली संप हाउस तक पहुंचता है. यहां से 16 इंच की पाइपलाइन के माध्यम से बसेरिया, भूली और कुर्मीडीह क्षेत्र में जलापूर्ति की जाती है.
उनके अनुसार, करीब एक सप्ताह पहले भूली संप हाउस से निकलने वाली 16 इंच की मुख्य पाइपलाइन क्षतिग्रस्त हो गयी. इससे इन इलाकों में जलापूर्ति प्रभावित हुई. इसके अलावा केंदुआडीह के पास सड़क धंसने और भूस्खलन के कारण जमीन के नीचे से गुजर रही सप्लाई पाइपलाइन भी बार-बार प्रभावित हो रही है.
मरम्मत के दौरान बंद करनी पड़ती है जलापूर्ति
स्थानीय लोगों के अनुसार, पाइपलाइन की मरम्मत के दौरान जलापूर्ति रोकनी पड़ती है. इससे पहले से जारी पेयजल संकट और गंभीर हो जाता है. लंबे समय से पर्याप्त पानी नहीं मिलने के कारण लोगों को रोजमर्रा के कामों के लिए भी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है.
नंदलाल महतो ने कहा कि यदि जल्द जलापूर्ति व्यवस्था दुरुस्त नहीं की गयी, तो पेयजल संकट से परेशान ग्रामीण एकजुट होकर जमाडा के कुसुंडा स्थित कार्यालय का घेराव और प्रदर्शन करेंगे.
ये भी पढ़ें: जयराम महतो की अग्रिम जमानत पर फैसला 14 सितंबर को, कोर्ट में दोनों पक्षों ने रखी दलील
मौके पर भूषण महतो, गोपीनाथ महतो, नंद सिंह, अवधेश पांडे, धर्मवीर कर्मकार, अशोक यादव और अनिल पांडे समेत अन्य लोग मौजूद थे.
दो-तीन दिनों में समस्या दूर करने का दावा
इधर, जमाडा कर्मी मो जाकिर ने बताया कि जलापूर्ति में थोड़ी समस्या उत्पन्न हुई है. इसे दो-तीन दिनों में ठीक कर लिया जायेगा.
