भारतीय डाक विभाग की ओर से 23 जुलाई को चलाये गये विशेष पोस्टल लाइफ इंश्योरेंस (पीएलआई) और ग्रामीण पोस्टल लाइफ इंश्योरेंस (आरपीएलआई) अभियान में झारखंड सर्किल ने देशभर में पहला स्थान हासिल किया है. राज्य में एक ही दिन में 11 करोड़ 61 लाख 81 हजार 117 रुपये का प्रीमियम संग्रह किया गया. इस उपलब्धि के साथ झारखंड ने देश के सभी 23 डाक सर्किलों में शीर्ष स्थान प्राप्त किया.
23 सर्किलों में झारखंड रहा नंबर वन
देशभर के 23 डाक सर्किलों में आयोजित इस विशेष अभियान के दौरान कुल 58 करोड़ 63 लाख 49 हजार 753 रुपये का प्रीमियम संग्रह किया गया. इसमें झारखंड सर्किल ने 11.61 करोड़ रुपये के संग्रह के साथ पहला स्थान हासिल किया. तमिलनाडु सर्किल 11.56 करोड़ रुपये के साथ दूसरे, केरल 7.03 करोड़ रुपये के साथ तीसरे और कर्नाटक 6.15 करोड़ रुपये के साथ चौथे स्थान पर रहा.
हजारीबाग पहले, धनबाद दूसरे स्थान पर
झारखंड के नौ डाक मंडलों में हजारीबाग डिवीजन ने सर्वाधिक 2 करोड़ 14 लाख 47 हजार 766 रुपये का प्रीमियम संग्रह किया. धनबाद डिवीजन 2 करोड़ 13 लाख 1 हजार 113 रुपये के संग्रह के साथ दूसरे स्थान पर रहा. वहीं रांची डिवीजन ने 1 करोड़ 74 लाख 81 हजार 118 रुपये का प्रीमियम संग्रह कर तीसरा स्थान प्राप्त किया.
घर-घर पहुंचकर चलाया जागरूकता अभियान
अभियान को सफल बनाने के लिए डाक विभाग ने शहरी और ग्रामीण क्षेत्रों में व्यापक जनसंपर्क अभियान चलाया. डाककर्मियों ने घर-घर जाकर लोगों को पोस्टल लाइफ इंश्योरेंस और ग्रामीण डाक जीवन बीमा योजनाओं की जानकारी दी. विभिन्न स्थानों पर विशेष शिविर आयोजित कर कम प्रीमियम, सरकारी गारंटी और सुरक्षित भविष्य जैसी योजनाओं की खूबियों से लोगों को अवगत कराया गया. अभियान के दौरान बड़ी संख्या में नई पॉलिसियां भी जोड़ी गयीं.
लक्ष्य से पीछे रहा धनबाद डिवीजन
राज्य में दूसरा स्थान हासिल करने के बावजूद धनबाद डिवीजन विभागीय लक्ष्य से काफी पीछे रहा. धनबाद डिवीजन को 40 करोड़ रुपये प्रीमियम संग्रह का लक्ष्य दिया गया था, जबकि अभियान के दौरान 2.13 करोड़ रुपये का ही संग्रह हो सका.
