वायरल ऑडियो पर जयराम महतो बोले : एडिट कर बातचीत को किया गया वायरल, निजता हनन का केस करूंगा

बरवाअड्डा थाना प्रभारी और डुमरी विधायक जयराम महतो के बीच हुई बातचीत का वायरल ऑडियो मामले में विधायक जयराम महतो ने सफाई दी है. उन्होंने ऑडियो को एडिटेड बताते हुए AI के इस्तेमाल का आरोप लगाया है.

बरवाअड्डा थाना प्रभारी और डुमरी विधायक जयराम महतो के बीच बातचीत के वायरल ऑडियो मामले में जयराम महतो ने अपना पक्ष रखा है. मंगलवार को धनबाद पहुंचे विधायक ने उक्त वायरल ऑडियो को पूरी तरह सही मानने से इनकार करते हुए कहा कि बातचीत के साथ छेड़छाड़ की गयी है. उन्होंने आरोप लगाया कि आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआइ) के माध्यम से भी बातचीत के कई हिस्सों को एडिट किया गया है.

सख्त लहजे में बात करने की बात स्वीकारी

विधायक ने स्वीकार किया कि उन्होंने थाना प्रभारी से सख्त लहजे में बातचीत की थी. उनका कहना है कि जनहित से जुड़े मामलों में जनप्रतिनिधि होने के नाते कई बार अधिकारियों से कड़ाई से बात करनी पड़ती है. उन्होंने कहा कि जनता की समस्याओं को लेकर वे पहले भी एसपी, डीएसपी और इंस्पेक्टर स्तर के अधिकारियों को फटकार लगा चुके हैं.

उनके अनुसार जब जनता किसी समस्या को लेकर जनप्रतिनिधि के पास पहुंचती है और संबंधित अधिकारी कार्रवाई नहीं करते हैं, तो उनकी जिम्मेदारी बनती है कि वे अधिकारियों से सवाल करें. उन्होंने अधिकारियों को फटकार लगाने को जनहित से जुड़ा विषय बताया.

इतने गुस्से में था तो उसने फोन क्यों नहीं काटा

वायरल ऑडियो पर सवाल उठाते हुए विधायक ने कहा कि यदि थाना प्रभारी से वह लगातार गुस्से और अभद्र तरीके से बात कर रहे थे, तो थाना प्रभारी ने फोन क्यों नहीं काटा. सामान्य तौर पर ऐसी स्थिति में सामने वाला व्यक्ति फोन काट सकता है, लेकिन इस मामले में बातचीत जारी रही.

विधायक ने दावा किया कि बातचीत के दौरान थाना प्रभारी की ओर से कही गयी कई बातें ऑडियो से हटा दी गयी हैं और चुनिंदा हिस्सों को ही वायरल किया गया है. उन्होंने कहा कि उनकी अपनी कही गयी बातों में भी एडिटिंग की गयी है. हालांकि, कथित एडिटिंग के समर्थन में विधायक ने फिलहाल कोई तकनीकी प्रमाण सार्वजनिक नहीं किया है.

व्हाट्सएप कॉल रिकॉर्डिंग पर कानूनी कार्रवाई की चेतावनी

विधायक ने व्हाट्सएप कॉल की रिकॉर्डिंग सार्वजनिक किये जाने को भी गंभीर मामला बताया. उन्होंने कहा कि निजी बातचीत को रिकॉर्ड कर सार्वजनिक करना निजता के अधिकार का उल्लंघन है. जयराम महतो ने इस मामले में कानूनी कार्रवाई करने और निजता के हनन को लेकर केस दर्ज कराने की चेतावनी दी है.

थानेदार पर लगाये कई गंभीर आरोप

विधायक ने थानेदार पर कई गंभीर आरोप भी लगाये. उन्होंने कहा कि थानेदार बालू चोरी और अवैध वसूली कराते हैं. हालांकि उन्होंने इसका कोई सबूत जारी नहीं किया. उन्होंने कहा कि वो जल्द इन सबके खिलाफ आंदोलन करेंगे.


प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By अमर कुमार यादव

अमर कुमार यादव फिलहाल प्रभात खबर डिजिटल में कंटेंट राइटर के तौर पर काम कर रहे हैं. इन्हें पत्रकारिता और डिजिटल मीडिया में 5 साल से ज्यादा का अनुभव है. इससे पहले वे जागरण न्यू मीडिया और दैनिक भास्कर डिजिटल जैसे बड़े मीडिया संस्थानों के साथ काम कर चुके हैं.

अमर राष्ट्रीय, अंतरराष्ट्रीय और राजनीतिक खबरों को लिखते हैं. खबर लिखने के साथ-साथ एडिटिंग, हेडलाइन लिखने और डिजिटल प्लेटफॉर्म के लिए आसान, तथ्यपरक और प्रभावी कंटेंट तैयार करने में उनकी खास रुचि है. डिजिटल मीडिया के बदलते दौर में तेज और सटीक खबर लोगों तक पहुंचाना उनकी प्राथमिकता है. ऐसी खबरें लिखना, जो भरोसेमंद होने के साथ-साथ पाठकों को आसानी से समझ आएं और उनसे जुड़ाव बना सकें, उनके काम का अहम हिस्सा है.

Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >