डिपार्टमेंट ऑफ साइंस एंड टेक्नोलॉजी (डीएसटी) के विज्ञान ज्योति कार्यक्रम के तहत आइआइटी आइएसएम धनबाद में बुधवार को 115 छात्राओं ने संस्थान का भ्रमण किया. जवाहर नवोदय विद्यालय बर्दवान और जामताड़ा से पहुंचीं छात्राओं को विज्ञान, प्रौद्योगिकी, इंजीनियरिंग और गणित यानी एसटीईएम के क्षेत्र में शिक्षा और करियर के अवसरों की जानकारी दी गयी. संस्थान के जीजेएलटी में आयोजित कार्यक्रम के दौरान छात्राओं ने शैक्षणिक वातावरण को समझा और विभिन्न विषयों के विशेषज्ञों से सीधे संवाद किया.
कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य छात्राओं को एसटीईएम विषयों के प्रति प्रोत्साहित करना और इन क्षेत्रों में उच्च शिक्षा के साथ उपलब्ध करियर विकल्पों से परिचित कराना था. विशेषज्ञों ने विषय आधारित जानकारी देने के साथ छात्राओं के सवालों का जवाब भी दिया.
विज्ञान ज्योति की नोडल कोऑर्डिनेटर ने किया संवाद
कार्यक्रम की शुरुआत स्वागत संबोधन से हुई. इसके बाद विज्ञान ज्योति कार्यक्रम की नोडल कोऑर्डिनेटर प्रो. मधुलिका गुप्ता ने छात्राओं के साथ विशेष संवाद सत्र किया. उन्होंने एसटीईएम शिक्षा के महत्व और विज्ञान व तकनीक से जुड़े क्षेत्रों में भविष्य की संभावनाओं के बारे में जानकारी दी.
उन्होंने छात्राओं को उच्च शिक्षा के लिए उपलब्ध अवसरों और एसटीईएम क्षेत्र में आगे बढ़ने के लिए आवश्यक दृष्टिकोण को लेकर भी मार्गदर्शन दिया. इसके बाद आइआइटी आइएसएम के विभिन्न विभागों के शिक्षकों ने कीनोट टॉक्स के माध्यम से छात्राओं को अलग-अलग विषयों की जानकारी दी.
गणित, पर्यावरण विज्ञान और रसायन विज्ञान पर विशेषज्ञों ने रखी बात
मैथेमेटिक्स एंड कंप्यूटिंग विभाग की प्रो. सिंधिया लक्ष्मी ने गणित और इससे जुड़े क्षेत्रों की जानकारी दी. एनवायरमेंट साइंस इंजीनियरिंग विभाग के प्रो. सुरेश पी. एलुमलाई ने पर्यावरण विज्ञान एवं इंजीनियरिंग से जुड़े विषयों पर चर्चा की. वहीं केमिस्ट्री एंड केमिकल बायोलॉजी विभाग के प्रो. सुनील पुलेटिकुरती ने रसायन विज्ञान से संबंधित विषयों और संभावनाओं से छात्राओं को परिचित कराया.
विशेषज्ञों ने विषयों की जानकारी को छात्राओं के लिए करियर और उच्च शिक्षा के संदर्भ से जोड़कर समझाया, ताकि वे अपनी रुचि के अनुसार भविष्य की दिशा तय करने को लेकर बेहतर समझ विकसित कर सकें.
सवाल पूछकर समझे उच्च शिक्षा और करियर के विकल्प
कार्यक्रम के दौरान छात्राओं को विशेषज्ञों और विभिन्न शैक्षणिक विषयों के शिक्षकों से बातचीत का अवसर मिला. छात्राओं ने एसटीईएम के अलग-अलग क्षेत्रों, उच्च शिक्षा और करियर की संभावनाओं से जुड़े सवाल पूछे. विशेषज्ञों ने उनकी जिज्ञासाओं का समाधान किया और विज्ञान एवं तकनीक के क्षेत्र में आगे बढ़ने के लिए प्रोत्साहित किया.
आइ2एच में देखा आइआइटी आइएसएम का इनोवेशन इकोसिस्टम
एकेडमिक सत्र के बाद जीजेएलटी डोम में छात्राओं के लिए लंच का आयोजन किया गया. इसके बाद कार्यक्रम के अंतिम चरण में छात्राओं ने आइ2एच का भ्रमण किया. यहां उन्हें आइआइटी आइएसएम के इनोवेशन इकोसिस्टम और तकनीक आधारित गतिविधियों को करीब से देखने और समझने का अवसर मिला.
छात्राओं ने संस्थान में हो रहे नवाचार और तकनीकी गतिविधियों के बारे में जानकारी ली. विज्ञान ज्योति कार्यक्रम के तहत आयोजित यह भ्रमण छात्राओं के लिए एसटीईएम विषयों को करीब से समझने और इन क्षेत्रों में उच्च शिक्षा व करियर की संभावनाओं को लेकर दृष्टिकोण विकसित करने का अवसर रहा.
