धनबाद. अखिल भारतीय पूर्व सैनिक सेवा परिषद (एबीपीएसएसपी) की मैनेजमेंट कमेटी की बैठक और वार्षिक आमसभा इस बार महाराष्ट्र के कोल्हापुर स्थित कनेरी मठ में आयोजित होगी. तीन दिवसीय आयोजन 2 से 4 अक्टूबर तक चलेगा. इसमें धनबाद समेत देश के विभिन्न राज्यों से परिषद के पदाधिकारी, जिला अध्यक्ष, सचिव और मातृ शक्ति के सदस्य शामिल होंगे. एबीपीएसएसपी धनबाद की ओर से भी प्रतिनिधिमंडल कार्यक्रम में भेजा जायेगा.
2 अक्टूबर को कोर और मैनेजमेंट कमेटी की बैठक
आयोजन की शुरुआत 2 अक्टूबर को सुबह कोर कमेटी की बैठक से होगी. इसके बाद दोपहर में मैनेजमेंट कमेटी की बैठक आयोजित की जायेगी. बैठक में परिषद की संगठनात्मक गतिविधियों, आगामी कार्यक्रमों और अन्य महत्वपूर्ण विषयों पर चर्चा होगी.
ये भी पढ़ें: धनबाद: भटिंडा फॉल में सुरक्षा का नया प्लान, खतरनाक चट्टानों से लेकर पार्किंग तक बदल जाएगी सूरत
मैनेजमेंट कमेटी की बैठक में संगठन के विभिन्न स्तरों पर चल रही गतिविधियों की जानकारी साझा करने के साथ आगामी कार्यक्रमों को लेकर भी विचार-विमर्श किया जायेगा. देश के अलग-अलग राज्यों से आने वाले पदाधिकारी इसमें हिस्सा लेंगे.
3 और 4 अक्टूबर को वार्षिक आमसभा
तीन दिवसीय आयोजन के दूसरे और तीसरे दिन यानी 3 और 4 अक्टूबर को वार्षिक आमसभा होगी. इसमें परिषद की अब तक की गतिविधियों की समीक्षा की जायेगी. साथ ही संगठन से जुड़े विभिन्न विषयों और भविष्य की कार्ययोजना पर चर्चा होगी.
आमसभा में देशभर से पहुंचे प्रतिनिधि संगठन के कार्यों और आगामी कार्यक्रमों को लेकर अपने विचार रखेंगे. आयोजन के दौरान परिषद की गतिविधियों को आगे बढ़ाने से संबंधित विषयों पर भी विचार-विमर्श किया जायेगा.
3 अक्टूबर की शाम सांस्कृतिक कार्यक्रम
आमसभा के दौरान 3 अक्टूबर की शाम सांस्कृतिक कार्यक्रम का भी आयोजन किया जायेगा. इसमें देश के विभिन्न हिस्सों से पहुंचे प्रतिनिधियों के साथ उनके परिवार के सदस्य भी हिस्सा लेंगे. कार्यक्रम को लेकर कनेरी मठ में बाहर से आने वाले प्रतिनिधियों के ठहरने की नि:शुल्क व्यवस्था की गयी है.
हालांकि, प्रत्येक सदस्य को प्रतिदिन 500 रुपये पंजीयन शुल्क देना होगा. आयोजन में शामिल होने वाले सदस्यों के लिए ठहरने और अन्य व्यवस्थाओं से संबंधित जानकारी आयोजकों की ओर से उपलब्ध करायी जा रही है.
स्टेशन और एयरपोर्ट से पहुंचाने की व्यवस्था
देश के अलग-अलग हिस्सों से आने वाले प्रतिनिधियों की सुविधा के लिए 2 और 3 अक्टूबर को दोपहर 12 बजे तक रेलवे स्टेशन, एयरपोर्ट और केंद्रीय बस स्टैंड से कनेरी मठ तक पहुंचाने की व्यवस्था की जायेगी. इससे बाहर से आने वाले पूर्व सैनिकों और उनके परिवारों को आयोजन स्थल तक पहुंचने में सुविधा होगी.
एबीपीएसएसपी धनबाद के जिलाध्यक्ष रविंद्र कुमार सिंह ने बताया कि वार्षिक आमसभा में धनबाद से भी प्रतिनिधिमंडल शामिल होगा. कार्यक्रम में शामिल होने के इच्छुक परिषद के पदाधिकारी आयोजन से संबंधित जानकारी के लिए उनसे संपर्क कर सकते हैं.
ये भी पढ़ें: कोयलांचल में मजदूर आंदोलन की नींव रखने वाले शहीद रामदेव सिंह का परिवार आज किस हाल में है?
