धनबाद : गंभीर बीमारियों के इलाज के लिए अब धनबाद के मरीजों को महानगरों का रुख नहीं करना पड़ेगा. बीसीसीएल के सेंट्रल अस्पताल में जल्द ही कैंसर और हृदय रोग के इलाज की विशेषज्ञ सेवाएं शुरू करने की तैयारी है. अस्पताल में ऑन्कोलॉजी और कार्डियोलॉजी विभाग शुरू करने के लिए बीसीसीएल प्रबंधन ने दो अलग-अलग मल्टीडिसिप्लिनरी कमेटियों का गठन किया है.
दोनों कमेटियां देश के प्रमुख विशेषज्ञ अस्पतालों का दौरा कर वहां कैंसर और हृदय रोग के इलाज की आधुनिक सुविधाओं, उपकरणों, विशेषज्ञ चिकित्सकों और आधारभूत संरचना का अध्ययन करेंगी. कमेटियों की रिपोर्ट के आधार पर सेंट्रल अस्पताल को अपग्रेड करने की विस्तृत कार्ययोजना तैयार की जायेगी.
प्रबंधन का लक्ष्य एक नवंबर को कोल इंडिया स्थापना दिवस समारोह तक या हर हाल में दिसंबर तक दोनों विशेषज्ञ सेवाएं शुरू करना है. सेवा शुरू होने के बाद गंभीर कैंसर और हृदय रोग से पीड़ित मरीजों को इलाज के लिए कोलकाता, जमशेदपुर, दिल्ली और मुंबई जैसे शहरों की दौड़ नहीं लगानी पड़ेगी.
28 हजार कार्यरत कर्मियों समेत लाखों परिवारों को मिलेगा लाभ
सेंट्रल अस्पताल में ऑन्कोलॉजी और कार्डियोलॉजी सेवा शुरू होने से बीसीसीएल के करीब 28 हजार कार्यरत कोल कर्मियों और करीब 20 हजार सेवानिवृत्त अधिकारियों-कर्मचारियों के परिवारों को सीधा लाभ मिलने की उम्मीद है. प्रबंधन के अनुसार दो लाख से अधिक कोयला कर्मी परिवार इससे लाभान्वित हो सकते हैं.
इसके अलावा ठेका श्रमिकों के परिजनों को भी बेहतर चिकित्सा सुविधा मिलने की उम्मीद है. धनबाद के सिंफर, सीएमपीएफ, आईआईटी-आईएसएम और डीजीएमएस समेत अन्य संस्थानों के कर्मियों और उनके परिवारों के लिए भी यह सुविधा महत्वपूर्ण साबित हो सकती है. स्थानीय मरीजों को भी विशेषज्ञ चिकित्सा सेवाओं का लाभ मिलने की उम्मीद है.
विशेषज्ञ अस्पतालों का अध्ययन करेंगी कमेटियां
ऑन्कोलॉजी और कार्डियोलॉजी सेवा शुरू करने से पहले गठित दोनों कमेटियां देश के प्रमुख अस्पतालों की चिकित्सा व्यवस्था का अध्ययन करेंगी. इसमें आधुनिक उपकरण, इलाज की तकनीक, विशेषज्ञ डॉक्टरों की उपलब्धता और अस्पताल की आधारभूत संरचना जैसे पहलुओं पर जानकारी जुटायी जायेगी.
ये भी पढ़ें: मैथन में 5 घंटे बिजली गुल, रविवार को धनबाद की जलापूर्ति होगी प्रभावित; कई जलमीनारों में आंशिक सप्लाई की आशंका
अध्ययन रिपोर्ट के आधार पर सेंट्रल अस्पताल में आवश्यक संसाधन और सुविधाएं विकसित की जायेंगी. इससे अस्पताल को गंभीर बीमारियों के इलाज के लिए अधिक सक्षम बनाने की योजना है.
चिकित्सा व्यवस्था को आधुनिक बनाना प्राथमिकता : सीएमडी
बीसीसीएल सीएमडी मनोज कुमार अग्रवाल ने कहा कि कोयला कर्मियों के साथ धनबाद के लोगों को बेहतर चिकित्सा व्यवस्था उपलब्ध कराना प्रबंधन की प्राथमिकता है. इसी उद्देश्य से सेंट्रल अस्पताल की चिकित्सा व्यवस्था को आधुनिक बनाने पर जोर दिया जा रहा है.
उन्होंने कहा कि ऑन्कोलॉजी और कार्डियोलॉजी जैसी महत्वपूर्ण विशेषज्ञ सेवाओं की शुरुआत इसी दिशा में बड़ा कदम है. विशेषज्ञ अस्पतालों के अध्ययन के बाद मिलने वाली रिपोर्ट के आधार पर सेंट्रल अस्पताल में आवश्यक संसाधन और सुविधाएं विकसित की जायेंगी.
