Dhanbad News: नयी पीढ़ी को पुस्तकों और ज्ञान की दुनिया से जोड़ने के उद्देश्य से शनिवार को सिंफर ऑडिटोरियम में ‘पुस्तकालय समाज तक : एक पहल कार्यक्रम का आयोजन किया गया. कार्यक्रम का उद्घाटन उपायुक्त आदित्य रंजन ने किया. इस दौरान उपायुक्त ने कहा : वर्तमान समय में युवाओं का ध्यान भटकाने वाली अनेक चीजें मौजूद हैं, लेकिन अपने लक्ष्य पर केंद्रित रहने और एकाग्रता बढ़ाने के लिए किताबों से जुड़ना बेहद जरूरी है. उन्होंने कहा कि पुस्तकालय ज्ञान का केंद्र है और अच्छी पुस्तकें व्यक्ति के सपनों को नयी उड़ान देने के साथ व्यक्तित्व का विकास करती हैं. उपायुक्त और सिंफर के निदेशक ने छात्र-छात्राओं को पुस्तकालयों से जोड़ने के उद्देश्य से ‘चलो चलें पुस्तकालय’ जागरूकता रथ को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया.
डिजिटल लाइब्रेरी की जा रही है विकसित
उपायुक्त ने बताया कि जिले में शिक्षा और पठन-पाठन को बढ़ावा देने के लिए 10 मॉडर्न स्मार्ट लाइब्रेरी बनायी जा रही है. इसके अलावा एक डिजिटल लाइब्रेरी भी विकसित की जा रही है, जहां छात्रों को आधुनिक सुविधाओं के साथ बेहतर अध्ययन का वातावरण उपलब्ध होगा. उन्होंने कहा कि असफलता से कभी निराश नहीं होना चाहिए. निरंतर प्रयास ही सफलता की कुंजी है. जीवन में संघर्ष निरंतर चलता रहता है और जो संघर्ष नहीं करेगा, वह पीछे रह जायेगा. कार्यक्रम में सिंफर के निदेशक प्रो एके मिश्रा ने कहा कि पुस्तकें इंसान की सबसे अच्छे मित्र होते हैं. पुस्तकों से सही मार्गदर्शन मिलता है. छात्रों को सोशल मीडिया के भ्रामक प्रभाव से बचकर पुस्तकालयों से जुड़ना चाहिए. बीबीएमकेयू के परीक्षा नियंत्रक धनंजय कुमार ने कहा कि लक्ष्य की प्राप्ति के लिए प्रक्रिया को जारी रखना जरूरी होता है. एसएसएलएनटी महिला कॉलेज की प्राचार्य डॉ शर्मिला रानी ने कहा कि संघर्ष की सफलता की कुंजी है. संघर्ष में जीतना है तो आंधी में भी जलना होगा.
स्टेट लाइब्रेरी में 57 हजार से अधिक पुस्तकें : डीइओ
डीइओ अभिषेक झा ने बताया कि मास्टर सोबरन मांझी राज्य पुस्तकालय में एक साथ 300 लोगों के बैठ कर अध्ययन करने की सुविधा है. पुस्तकालय में 57 हजार से अधिक पुस्तकें उपलब्ध हैं. वाई-फाई, सीसीटीवी और अन्य आधुनिक संसाधनों से सुसज्जित है. भविष्य में इसे और विकसित करने की योजना है.
जिले में बन रहीं 10 मॉडर्न स्मार्ट लाइब्रेरी
आरएस मोर कॉलेज गाेविंदपुर में 100 सीट, बीबी इंटर कॉलेज आनंद महतो हॉल में, सिंदरी कॉलेज सिंदरी, पांडरपाला वासेपुर, डीएमसी बिल्डिंग बाघमारा, टुंडी डिग्री कॉलेज, गांधी आश्रम चिरकुंडा नगर परिषद, विवाह मंडप खेसमी तोपचांची, एसएचएमएस इंटर कॉलेज चिरकुंडा में 150-150 सीटों की अत्याधुनिक लाइब्रेरी बनायी जा रही है.
