धनबाद. नालसा एवं झालसा के तत्वावधान में प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश सह अध्यक्ष जिला विधिक सेवा प्राधिकरण (डालसा) धनबाद निकेश कुमार सिन्हा के आदेश पर पूर्वी टुंडी प्रखंड के मैरानवाटांड़ पंचायत में 60 दिवसीय नालसा मेगा ड्राइव फेज-1 के तहत जागरूकता शिविर का आयोजन किया गया. मेला-प्रदर्शनी, नुक्कड़ नाटक और जागरूकता गीत के माध्यम से ग्रामीणों को उनके अधिकारों तथा सरकार की कल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी गयी.
छह गांवों को योजनाओं से जोड़ने का लक्ष्य
अवर न्यायाधीश सह डालसा सचिव मयंक तुषार टोपनो ने बताया कि मैरानवाटांड़ पंचायत को नालसा मेगा ड्राइव अवेयरनेस कैंपेन के तहत चयनित किया गया है. अभियान के दौरान पंचायत के सभी छह गांवों के ग्रामीणों को विभिन्न सरकारी योजनाओं से जोड़ने का लक्ष्य रखा गया है. इसके लिए पंचायत स्तर पर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित करने के साथ पात्र लोगों से योजनाओं से संबंधित आवेदन और फार्म लिये जा रहे हैं.
ये भी पढ़ें: नीरज सिंह हत्याकांड: निरसा मुठभेड़ के बाद रांची से पहुंची SFSL टीम, जानिए घटनास्थल से क्या-क्या मिले साक्ष्य
नुक्कड़ नाटक से नशे के खिलाफ जागरूकता
गुरुवार को मैरानवाटांड़ गांव में डालसा के माध्यम से जागृति साहिला फाउंडेशन की ओर से नशे के खिलाफ नुक्कड़ नाटक और जागरूकता गीत प्रस्तुत किया गया. कार्यक्रम के दौरान कलाकारों ने नशे के दुष्प्रभावों की जानकारी देते हुए ग्रामीणों को नशे से दूर रहने का संदेश दिया.
ग्रामीणों से लिये गये आवेदन और फार्म
शिविर में ग्रामीणों को विभिन्न सरकारी कल्याणकारी योजनाओं से संबंधित जानकारी दी गयी. पात्र लाभुकों से योजनाओं के आवेदन और फार्म भी लिये गये. अधिकार मित्र और डालसा से जुड़े कर्मियों ने ग्रामीणों को उनके अधिकारों तथा सरकारी योजनाओं का लाभ लेने की प्रक्रिया के बारे में जानकारी दी.
कार्यक्रम में एलएडीसीएस के सहायक नीरज गोयल और सुमन पाठक मौजूद रहे. मौके पर मुखिया प्रतिनिधि एवं वरिष्ठ अधिवक्ता बिपिन दां, पंचायत सचिव आशा सोरेन, प्रखंड के पीएलवी ओमप्रकाश दास और पूजा झा भी उपस्थित रहे.
जागृति साहिला फाउंडेशन की ओर से सूरज सिंह उर्फ फाकाचांद, रूपा कुमारी रजक, सनाउल्लाह सुलेमान खान, प्रिया कुमारी, इरफान अंसारी, नाजिम खान, गुरुचरण दास और अजहरुद्दीन ने नुक्कड़ नाटक एवं जागरूकता कार्यक्रम में भाग लिया. वहीं अधिकार मित्र प्रदीप गोराई, बिक्रम मोदी और रिबोती मरांडी ने भी ग्रामीणों को जागरूक करने में सहयोग किया.
डालसा के 60 दिवसीय अभियान के तहत पंचायत के सभी छह गांवों में जागरूकता गतिविधियां संचालित कर अधिक से अधिक पात्र लोगों को सरकारी योजनाओं से जोड़ने का प्रयास किया जा रहा है.
ये भी पढ़ें: बिनोद बिहारी महतो के पैतृक गांव में बनेगी आदमकद प्रतिमा, जानें म्यूजियम और लाइब्रेरी प्रोजेक्ट में क्या होगा खास
