धनबाद. कोलाकुसमा स्थित कब्स क्लब फाउंडेशन स्कूल में गुरुवार को विश्वकर्मा पूजा भक्तिमय माहौल में धूमधाम से मनायी गयी. विद्यालय परिसर में भगवान विश्वकर्मा की तस्वीर स्थापित कर शिक्षकों और विद्यार्थियों ने विधि-विधान से पूजा-अर्चना की. इस दौरान सभी ने सुख-समृद्धि और विद्यालय के उज्ज्वल भविष्य की कामना की.
पूजा में विद्यार्थियों ने बढ़-चढ़कर लिया हिस्सा
विश्वकर्मा पूजा को लेकर विद्यालय के विद्यार्थियों में खासा उत्साह रहा. बच्चों ने शिक्षिकाओं के साथ मिलकर पूजा की तैयारियों में भी सहयोग किया. मंत्रोच्चार और पूजा-अर्चना से विद्यालय परिसर भक्तिमय हो उठा.
ये भी पढ़ें: पीएम मोदी के जन्मदिन पर धनबाद में अनूठी पहल, विधायक राज सिन्हा और कार्यकर्ताओं ने रक्तदान कर बनाया यह रिकॉर्ड
पूजा संपन्न होने के बाद विद्यार्थियों के बीच प्रसाद का वितरण किया गया. इस दौरान बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं मौजूद रहे और पूरे उत्साह के साथ आयोजन में शामिल हुए.
प्राचार्या ने बताया पर्व का महत्व
विद्यालय की प्राचार्या श्वेता वाजपेयी ने विद्यार्थियों को भगवान विश्वकर्मा और पर्व के महत्व की जानकारी दी. उन्होंने कहा कि भगवान विश्वकर्मा को निर्माण, शिल्प, तकनीक और कारीगरी का देवता माना जाता है. विश्वकर्मा पूजा हमें अपने कार्य, हुनर और मेहनत के प्रति सम्मान रखने की प्रेरणा देती है.
उन्होंने विद्यार्थियों से कहा कि जीवन में सफलता के लिए लगन, अनुशासन और मेहनत जरूरी है. साथ ही उन्होंने बच्चों को भारतीय परंपराओं और त्योहारों के सांस्कृतिक महत्व को समझने के लिए प्रेरित किया.
प्राचार्या ने कहा कि त्योहार केवल धार्मिक आयोजन तक सीमित नहीं होते, बल्कि इनके माध्यम से बच्चों को अपनी संस्कृति और परंपराओं से जुड़ने का अवसर भी मिलता है.
