सिविल सर्जन डॉ आलोक विश्वकर्मा मंगलवार को एसएनएमएमसीएच पहुंचे और पुलिस हिरासत में इलाजरत कोयला कारोबारी दीपक शर्मा (56) से मुलाकात की. कार्मिक नगर स्थित मोती नगर के श्रीविला अपार्टमेंट निवासी दीपक शर्मा का अस्पताल के कैथलैब में इलाज चल रहा है.
सिविल सर्जन ने उनके स्वास्थ्य और मानसिक स्थिति से संबंधित जांच रिपोर्ट देखी. साथ ही उनकी पत्नी गीता शर्मा से भी घटना और इलाज से जुड़ी जानकारी ली.
रिपोर्ट के आधार पर होगी कार्रवाई
सूत्रों के अनुसार दीपक शर्मा की मानसिक स्थिति की भी जांच की जा रही है. यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि घटना के समय वह किसी तरह के मानसिक तनाव या डिप्रेशन में थे या नहीं. पुलिस की ओर से जारी निर्देश के बाद सिविल सर्जन अस्पताल पहुंचे थे. अब उनकी जांच और चिकित्सकीय रिपोर्ट के आधार पर पुलिस आगे की कार्रवाई करेगी.
14 अगस्त की आधी रात को मारी थी गोली
गौरतलब है कि 14 अगस्त की आधी रात दीपक शर्मा ने कथित तौर पर खुद को गले में गोली मार ली थी. गोली लगने के बाद उन्हें गंभीर स्थिति में इलाज के लिये असर्फी अस्पताल में भर्ती कराया गया था. पत्नी गीता शर्मा के अनुसार निजी अस्पताल में इलाज का खर्च वहन करने में परेशानी होने के कारण बाद में दीपक शर्मा को एसएनएमएमसीएच में भर्ती कराया गया.
अवैध पिस्टल रखने का भी मामला
घटना की जांच के दौरान पुलिस को जानकारी मिली कि दीपक शर्मा ने जिस पिस्टल से खुद को गोली मारी थी, वह कथित तौर पर अवैध थी. इसके बाद सरायढेला थाना पुलिस ने उनके खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की है. फिलहाल वह पुलिस हिरासत में एसएनएमएमसीएच में इलाजरत हैं. पुलिस अब चिकित्सकीय जांच रिपोर्ट के साथ घटना से जुड़े अन्य पहलुओं की भी जांच कर रही है. रिपोर्ट मिलने के बाद पुलिस मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई करेगी.
