संवाददाता, धनबाद.
जिला के मान्यता प्राप्त स्कूलों में बीपीएल कोटा से होने वाले नामांकन की प्रक्रिया अब तक पूरी नहीं हो पायी है. अभी भी आवेदन की जांच व गूगल मैपिंग का काम चल रहा है. अभी भी 60 से अधिक आवेदनों की जांच नहीं हो पायी है. अभिभावक चयन सूची के इंतजार में विभाग का चक्कर लगा रहे हैं. उन्हें बताया जा रहा है कि चुनाव में कर्मियों की कमी होने के कारण दिक्कत आयी है. जल्द ही प्रथम चयन सूची जारी की जायेगी.मान्यता प्राप्त 75 निजी स्कूलों में होना है नामांकन :
जिले के मान्यता प्राप्त 75 निजी स्कूलों में बीपीएल कोटा से नामांकन की प्रक्रिया होनी है. इसके लिए जिला शिक्षा विभाग की ओर से फरवरी से प्रक्रिया की जा रही है. मार्च में आवेदन लिया गया था. कुल 1331 आवेदन मिले हैं. इसके बाद से आवेदनों की जांच प्रक्रिया चल रही है.अप्रैल से शुरू हो चुकी है कक्षाएं :
निजी स्कूलों में अप्रैल माह से ही नये सत्र की कक्षाएं शुरू हो चुकी हैं. गर्मी की छुट्टी के बाद अब इसी माह सभी स्कूलों में कक्षाओं का संचालन शुरू हो जायेगा. लेकिन बीपीएल कोटा के नामांकन की प्रक्रिया में विलंब होने का खामियाजा बच्चों को भुगतना होगा. स्कूलों में जो पढ़ाई हो चुकी है उसे नये आने वाले बच्चे नहीं पढ़ पायेंगे.पिछले साल भी खाली रह गयी थी सीट :
सत्र 2023-24 में भी बीपीएल कोटा से नामांकन विवादों में उलझ कर रह गया था. देर होने के कारण सिर्फ प्रथम चयन सूची पर ही नामांकन हो पाया था, जो सीट खाली रह गयी थी उसे नहीं भरा गया. इसके कारण 60 से अधिक बच्चे इसके लाभ से वंचित रह गये थे. इस बार फिर से नामांकन की प्रक्रिया कराने में देर हो रही है.डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है
