निरसा. निरसा प्रखंड कार्यालय में इन दिनों एसआईआर (विशेष गहन पुनरीक्षण) का काम अव्यवस्था के बीच चल रहा है. बिजली की समस्या और जनरेटर की समुचित व्यवस्था नहीं होने के कारण कर्मियों को मोबाइल की टॉर्च की रोशनी में एसआईआर से जुड़े दस्तावेजों की जांच और अन्य जरूरी काम करने पड़ रहे हैं. इससे कर्मियों के साथ-साथ प्रखंड कार्यालय पहुंचने वाले लोगों और उनके परिजनों को भी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है.
रोज उमड़ रही लोगों की भीड़
बताया जाता है कि प्रतिदिन क्रमवार तरीके से दर्जनों बूथों से संबंधित एसआईआर का कार्य किया जा रहा है. बड़ी संख्या में लोग अपने जरूरी काम के लिए प्रखंड कार्यालय पहुंच रहे हैं. इससे कार्यालय परिसर में भीड़ बढ़ रही है.
उमस भरी गर्मी के बीच बिजली नहीं रहने से लोगों की परेशानी और बढ़ जा रही है. भीड़ के कारण कार्यालय में काम करने वाले कर्मियों को भी असुविधा हो रही है. कुछ लोगों की तबीयत खराब होने की भी बात सामने आ रही है.
टॉर्च की रोशनी में दस्तावेजों की जांच
प्रखंड कार्यालय में पर्याप्त बिजली और जनरेटर की व्यवस्था नहीं होने का असर एसआईआर के काम पर भी पड़ रहा है. बिजली गुल होने पर कर्मियों को मोबाइल की टॉर्च जलाकर दस्तावेजों की जांच और दूसरे जरूरी कार्य निपटाने पड़ रहे हैं.
ये भी पढ़ें: पावर सेक्टर को रोज 25 रैक कोयला भेजने की तैयारी, BCCL CMD ने कुसुंडा KDSK का किया निरीक्षण
लोगों का कहना है कि एसआईआर जैसे महत्वपूर्ण कार्य के दौरान प्रखंड कार्यालय में बिजली और जनरेटर की समुचित व्यवस्था होनी चाहिए, ताकि कर्मियों के साथ आम लोगों को भी परेशानी न हो.
बिजली और सुविधाओं की व्यवस्था की मांग
ग्रामीणों और कार्यालय पहुंचने वाले लोगों ने प्रखंड कार्यालय में निर्बाध बिजली आपूर्ति और जनरेटर की उचित व्यवस्था कराने की मांग की है. इसके साथ ही बढ़ती भीड़ को देखते हुए पेयजल समेत अन्य जरूरी सुविधाएं उपलब्ध कराने की मांग की गयी है.
इस संबंध में प्रखंड विकास पदाधिकारी इंद्रलाल ओहदार से संपर्क करने का प्रयास किया गया, लेकिन उन्होंने फोन नहीं उठाया.
