धनबाद. जेएसएससी-जेपीएससी परीक्षाओं में कथित अनियमितताओं की सीबीआइ जांच और छात्रों पर दर्ज मुकदमे वापस लेने की मांग को लेकर भाजपा ने गुरुवार को उपायुक्त कार्यालय के समक्ष प्रदर्शन किया. इस दौरान पार्टी नेताओं ने राज्य सरकार से परीक्षा व्यवस्था में पारदर्शिता सुनिश्चित करने और पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराने की मांग की.
प्रदर्शन के मुख्य अतिथि पूर्व मंत्री भानू प्रताप शाही ने कहा कि छात्रों के भविष्य के साथ किसी भी तरह का खिलवाड़ झारखंड की युवा शक्ति के साथ अन्याय है. उन्होंने जेएसएससी-जेपीएससी परीक्षाओं में कथित अनियमितताओं की निष्पक्ष और समयबद्ध सीबीआइ जांच कराने की मांग की.
ये भी पढ़ें: बीसीसीएल कर्मी को बैंक अधिकारी बनकर लगाया चूना, एक घंटे में 14 ट्रांजेक्शन कर 4.19 लाख उड़ाये
उन्होंने कहा कि अपने अधिकारों के लिए शांतिपूर्ण तरीके से आवाज उठाने वाले छात्रों पर दर्ज मुकदमे तत्काल वापस लिये जाने चाहिए. युवाओं को न्याय मिलने तक भाजपा सड़क से सदन तक उनकी आवाज उठाती रहेगी.
छात्रों पर दर्ज मुकदमे वापस लेने की मांग
सांसद ढुलू महतो ने कहा कि झारखंड के युवाओं ने मेहनत से परीक्षाओं की तैयारी कर परीक्षा दी है. उनके भविष्य के साथ किसी भी तरह का खिलवाड़ बर्दाश्त नहीं किया जायेगा. उन्होंने कथित अनियमितताओं की सीबीआइ जांच कर दोषियों को कानून के कटघरे में लाने की मांग की.
उन्होंने कहा कि छात्रों पर दर्ज मुकदमे वापस नहीं लिये गये तो आंदोलन को और व्यापक किया जायेगा. पूर्व सांसद पीएन सिंह ने कहा कि परीक्षा व्यवस्था में पारदर्शिता और निष्पक्षता युवाओं का अधिकार है. उनके अनुसार, सीबीआइ जांच से पूरे मामले की सच्चाई सामने आ सकती है.
ये भी पढ़ें: निरसा में प्रस्तावित एलिवेटेड फ्लाईओवर की तकनीकी जांच शुरू, भूमिगत कोयला खनन और भू-धंसान के जोखिम का होगा आकलन
विधायक राज सिन्हा ने भी कथित अनियमितताओं की जांच और दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की.
श्रवण राय ने की अध्यक्षता
कार्यक्रम की अध्यक्षता महानगर अध्यक्ष श्रवण राय ने की. संचालन जिला महामंत्री मानस प्रसून ने किया, जबकि धन्यवाद ज्ञापन रूपेश सिन्हा ने किया.
प्रदर्शन में अपर्णा सेनगुप्ता, शारदा सिंह, संजीव विजयवर्गीय, दिलीप वर्मा, तारा देवी, संजीव अग्रवाल, चंद्रशेखर सिंह, योगेंद्र यादव, राजकुमार अग्रवाल, धरणीधर मंडल, विकास महतो, आशीष मुखर्जी, प्रियरंजन, रमा सिन्हा, प्रियंका देवी, रामजीत भुइंया, पुरुषोत्तम रंजन, रीता प्रसाद, मौसम सिंह, बच्चा गिरि, दीपा दास, विभा सिंह, मनोज मालाकार, नीलकंठ रवानी, गीता सिंह, विपिन दां, निशि महतो, राजाराम दत्ता, बसंती सिंह, मनोज गुप्ता, मनोज सिंह, हुलास दास, सुनील पासवान, अजय दास, वीरेंद्र वर्मा और गौतम चौधरी समेत अन्य कार्यकर्ता मौजूद थे.
