कुसुंडा. देश के पावर प्लांट और थर्मल पावर स्टेशनों की बढ़ती कोयला मांग को पूरा करने के लिए बीसीसीएल ने कोयला डिस्पैच बढ़ाने की तैयारी तेज कर दी है. इसी क्रम में कंपनी के सीएमडी मनोज कुमार अग्रवाल ने मंगलवार को कुसुंडा क्षेत्र के कुसुंडा डिस्ट्रिक्ट सेक्शन टू का निरीक्षण किया. इसके बाद करीब 12.30 बजे कुसुंडा डिस्ट्रिक्ट सेक्शन कोलियरी (केडीएसके) पहुंचे.
सीएमडी ने कुसुंडा क्षेत्र के जीएम एनबी त्रिवेदी समेत अन्य अधिकारियों के साथ कोयला डिस्पैच बढ़ाने को लेकर चर्चा की. उन्होंने कहा कि कंपनी का मुख्य लक्ष्य पावर सेक्टर को प्रतिदिन 22 से 25 रैक पावर कोल की आपूर्ति करना है.
बारिश और मानसून की दिक्कतें धीरे-धीरे हो रहीं दूर
सीएमडी मनोज कुमार अग्रवाल ने कहा कि बीएनआर साइडिंग और सिजुआ क्षेत्र का भी दौरा किया गया है. बारिश और मानसून के कारण आने वाली समस्याओं को धीरे-धीरे दूर किया जा रहा है. साइडिंग और केडीएसके की व्यवस्थाओं को बेहतर बनाने के लिए अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिये गये हैं.
ये भी पढ़ें: मुराईडीह श्रमिक कॉलोनी में जलसंकट गंभीर, दो माह से परेशान लोग; टैंकर से खरीद रहे पानी
पत्रकारों से बातचीत में सीएमडी ने कहा कि बीसीसीएल मुख्यालय से लेकर क्षेत्रीय स्तर तक लगातार निगरानी की जा रही है, ताकि देश में बिजली उत्पादन के लिए कोयले की कमी न हो.
लाइटिंग और ट्रांसपोर्टिंग रोड सुधारने का निर्देश
निरीक्षण के दौरान सीएमडी ने केडीएसके साइडिंग में लाइटिंग व्यवस्था का जायजा लिया. उन्होंने ईएंडएम विभाग के अधिकारियों को जल्द व्यवस्था दुरुस्त करने का निर्देश दिया. ट्रांसपोर्टिंग रोड की स्थिति देखने के बाद उसमें भी सुधार करने को कहा.
सीएमडी ने ट्रांसपोर्ट प्रतिनिधियों से भी बातचीत की. लक्ष्य के अनुरूप काम नहीं होने पर उन्होंने नाराजगी जतायी और निर्धारित लक्ष्य के अनुसार कोयला डिस्पैच सुनिश्चित करने का निर्देश दिया.
निरीक्षण को लेकर अलर्ट मोड में रहे अधिकारी-कर्मी
सीएमडी के निरीक्षण को लेकर केडीएसके साइडिंग में अधिकारी और कर्मचारी अलर्ट मोड में रहे. सुरक्षा व्यवस्था के लिए सीआईएसएफ के जवान भी तैनात थे. धनसार पीओ वीके पांडेय, एनजीकेसी पीओ दिलीप कुमार, मैनेजर प्रमोद कुमार, साइडिंग इंचार्ज राजीव रंजन और कोलियरी इंजीनियर रामदेव प्रसाद समेत अन्य अधिकारी साइडिंग की व्यवस्थाओं को दुरुस्त कराने में जुटे रहे.
ये भी पढ़ें: कतरास में लगातार भू-धंसान से बढ़ा खतरा, घर छोड़ने को लोग मजबूर; सुरक्षा पर सवाल
कर्मी मो सरफराज, ललित शर्मा, सुरेंद्र यादव, निरंजन चौहान और राजेश मुंडा सेफ्टी फ्लोरोसेंट जैकेट और हेलमेट पहनकर अपने कार्यों में लगे रहे.
मौके पर बीसीसीएल मुख्यालय से जीके मेहता, रजनीकांत, निशांत कुमार वीरमानी, कुसुंडा एजीएम काजल सरकार, पीओ वीके पांडेय, दिलीप कुमार, अनिल कुमार सिंह, ईएंडएम के अधिकारी अजय कुमार सिंह, त्रिपुरारी कुमार, सिविल विभाग के राकेश कुमार, शुभम, एनजीकेसी मैनेजर पीके सिंह, कोलियरी इंजीनियर रामदेव प्रसाद, सेफ्टी ऑफिसर अभय कुमार, साइडिंग इंचार्ज राजीव रंजन समेत अन्य अधिकारी और कर्मचारी मौजूद थे.
