बीसीसीएल के ब्लॉक-दो के अधिकारियों के ट्रांसफर की गुहार का मामला, जांच को पहुंचे जीएम सिक्योरिटी

Dhanbad News: बाघमारा बीसीसीएल के ब्लॉक-दो क्षेत्र में कोयला तस्करों के बढ़ते आतंक और अधिकारियों पर हो रहे हमलों के बाद बीसीसीएल प्रबंधन हरकत में आ गया है. सामूहिक तबादले की गुहार के बीच जीएम सिक्योरिटी ने क्षेत्र का दौरा कर सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा की. इससे जुड़ी खबर नीचे पढ़ें.

रिपोर्ट शंकर प्रसाद साव

Dhanbad News: बीसीसीएल के ब्लॉक-दो क्षेत्र में कोयला चोरों के बढ़ते दुस्साहस और हिंसक घटनाओं ने प्रबंधन की नींद उड़ा दी है. लगातार मिल रही धमकियों और असुरक्षा के माहौल के बीच, मुख्यालय ने अब मोर्चा संभाल लिया है. ​पिछले कुछ समय से ब्लॉक-दो क्षेत्र में कोयला तस्करों का वर्चस्व इस कदर बढ़ गया था कि ड्यूटी पर तैनात अधिकारियों और कर्मचारियों के साथ मारपीट और गाली-गलौज आम बात हो गई थी. स्थिति इतनी भयावह हो गई कि अधिकारियों ने खुद को असुरक्षित पाते हुए सामूहिक रूप से सीएमडी को पत्र लिखकर अपना तबादला करने की गुहार लगाई थी. अधिकारियों का कहना था कि जान जोखिम में डालकर काम करना मुमकिन नहीं है. 

खबर के बाद हरकत में आया मुख्यालय 

​प्रभात खबर में इस समाचार के प्रमुखता से छपने के बाद बीसीसीएल मुख्यालय रेस हो गया. प्रबंधन की साख और अधिकारियों के मनोबल को गिरते देख जीएम (सिक्योरिटी) हफीजुद्दीन कुरैशी खुद जमीनी हकीकत जानने ब्लॉक-दो के क्षेत्रीय कार्यालय पहुंचे. 

सुरक्षा बैठक में कई फैसले 

​जीएम सिक्योरिटी ने क्षेत्रीय महाप्रबंधक  कुमार रंजीव और अन्य उच्च अधिकारियों के साथ एक उच्चस्तरीय समन्वय बैठक की. इस बैठक के कई महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए. जीएम ने ​सुरक्षा का भरोसा दिया. जीएम सिक्योरिटी ने स्पष्ट किया कि अधिकारियों की सुरक्षा करना प्रबंधन की पहली प्राथमिकता है. सभी संवेदनशील और डेंजर पॉइंट्स पर सीआइएसएफ की क्यूआरटी को तैनात करने का निर्णय लिया गया. सुरक्षा बलों की गश्त और निगरानी को और सख्त करने के निर्देश दिए गए. बीसीसीएल प्रबंधन के इस कड़े रुख और सुरक्षा के नए वादों के बाद अब उम्मीद जताई जा रही है कि ब्लॉक-दो क्षेत्र में खनन कार्य सामान्य हो सकेगा. 

​प्रबंधन का कड़ा रुख

अधिकारियों से अपील की गई कि वे बिना किसी डर के काम करें. किसी भी असामाजिक तत्व के दबाव में आने या तबादले की सोचने की जरूरत नहीं है. जीएम सिक्योरिटी हफीजुद्दीन कुरैशी ने आश्वस्त किया कि कोयला चोरी रोकने और अधिकारियों को सुरक्षा देने के लिए हर संभव कदम उठाए जाएंगे. उन्होंने जोर देकर कहा कि ‘तबादला समाधान नहीं है,’ बल्कि सुरक्षा व्यवस्था को इतना दुरुस्त किया जाएगा कि अपराधी खुद पीछे हट जाएं. 

इसे भी पढ़ें: पलामू डीसी ने एमएमसीएच का किया औचक निरीक्षण, व्यवस्था सुधार लाने का दिया अल्टीमेटम

इसे भी पढ़ें: प्रसव पीड़ा के बाद पांकी सीएचसी में भर्ती महिला की मौत, परिवार में मचा कोहराम

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

By Sweta Vaidya

श्वेता वैद्य प्रभात खबर में लाइफस्टाइल बीट के लिए कंटेंट लिखती हैं. वह पिछले एक साल से व्यंजन (Recipes), फैशन, ब्यूटी टिप्स, होम डेकोर, किचन टिप्स और लेटेस्ट मेहंदी डिजाइन्स जैसे विषयों पर लेख लिख रही हैं. उनका उद्देश्य पाठकों को रोजमर्रा की जिंदगी को आसान और स्टाइलिश बनाने के लिए प्रैक्टिकल टिप्स देना है.

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >