धनबाद के बाघमारा में 37 बूथों का स्थान बदलने की तैयारी, जानें किन मतदाताओं की बढ़ेगी परेशानी

धनबाद के बाघमारा प्रखंड में त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव 2027 की तैयारियों के तहत 37 मतदान केंद्रों के पुनर्गठन की प्रक्रिया शुरू हो गई है. खनन, भूमिगत आग और भू-धंसान जैसे कारणों से इन बूथों के स्थान बदले जा रहे हैं. इससे कुछ मतदाताओं को अतिरिक्त दूरी तय करनी पड़ सकती है.

धनबाद. त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव-2027 की तैयारी को लेकर बाघमारा प्रखंड में मतदान केंद्रों के पुनर्गठन की प्रक्रिया शुरू हो गयी है. प्रखंड स्तर पर तैयार प्रस्तावित सूची में 37 मतदान केंद्रों में बदलाव का प्रस्ताव है. इनमें 36 पुराने मतदान केंद्रों को दूसरे स्थानों पर स्थानांतरित करने और एक मतदान केंद्र के केवल क्रमांक में परिवर्तन का प्रस्ताव शामिल है. खनन, भूमिगत आग, भू-धंसान और आबादी के विस्थापन से प्रभावित इलाकों में पुराने मतदान केंद्रों के स्थान बदलने की जरूरत बतायी गयी है.

ये भी पढ़ें: धनबाद: महेशपुर आरएलएस से पहला कोयला रैक रवाना, जानें बीसीसीएल की इस बड़ी परियोजना से क्या होगा बदलाव

प्रस्तावित सूची में पुराने मतदान केंद्र का क्रमांक, पंचायत, वर्तमान केंद्र, प्रस्तावित नया केंद्र और बदलाव का कारण दर्ज किया गया है. कई केंद्र भवन उपलब्ध नहीं होने, स्थान परिवर्तन अथवा अन्य प्रशासनिक कारणों से बदले जाने प्रस्तावित हैं. वहीं खनन प्रभावित क्षेत्रों में भू-धंसान और आबादी के विस्थापन को प्रमुख कारण बताया गया है.

टांडाबाड़ी के मतदाताओं के लिए बदलेगा मतदान केंद्र

बहियारडीह पंचायत के टांडाबाड़ी स्थित प्राथमिक विद्यालय के मतदान केंद्र को बीसीसीएल हॉस्पिटल गोविंदपुर दक्षिण भाग में स्थानांतरित करने का प्रस्ताव है. प्रस्तावित सूची में टांडाबाड़ी में भू-धंसान और खनन गतिविधियों के कारण आबादी के अन्यत्र बस जाने को बदलाव का कारण बताया गया है.

बौआकला दक्षिण पंचायत के दो मतदान केंद्रों में भी बदलाव प्रस्तावित है. पंचायत भवन बाउरी टोला स्थित केंद्र को बीसीसीएल सामुदायिक भवन, ईस्ट बसुरिया तथा राजकीय प्राथमिक विद्यालय छोटकी बौआ स्थित केंद्र को गोंदूडीह खास कुसुंडा कोलियरी कार्यालय में स्थानांतरित करने का प्रस्ताव है.

जमुआ समेत कई पंचायतों में बदले जाएंगे बूथ

जमुआ पंचायत के आगरडीह स्थित सामुदायिक भवन के मतदान केंद्र को आंगनबाड़ी केंद्र आगरडीह में स्थानांतरित करने का प्रस्ताव है. इसी तरह निचितपुर-2, भीमकनाली, हरिणा, नदखुरकी, मंडरा, फुलवारीटांड़, मालकेरा दक्षिण, धर्माबांध, खरखरी, पत्थरगड़िया, तेतुलिया-2 और हथुडीह समेत कई पंचायतों में मतदान केंद्रों के स्थान बदलने का प्रस्ताव रखा गया है.

इनमें कई जगह विद्यालय भवनों के स्थान पर आंगनबाड़ी केंद्र, पंचायत सचिवालय और सामुदायिक भवन को प्रस्तावित मतदान केंद्र बनाया गया है.

गणेशपुर में करीब एक किमी बढ़ सकती है दूरी

मंडरा पंचायत के गणेशपुर स्थित प्राथमिक विद्यालय के दोनों मतदान केंद्रों को बदलने का प्रस्ताव है. एक केंद्र को अपर मंडरा आंगनबाड़ी केंद्र और दूसरे को पंचायत सचिवालय मंडरा में स्थानांतरित करने की बात प्रस्ताव में है. इससे गणेशपुर के मतदाताओं को प्रस्तावित केंद्र तक पहुंचने के लिए करीब एक किलोमीटर की दूरी तय करनी पड़ सकती है.

खनन प्रभावित क्षेत्रों में बूथों के स्थानांतरण से मतदान के दिन बुजुर्ग, महिला और दिव्यांग मतदाताओं के सामने अतिरिक्त दूरी की चुनौती हो सकती है. हालांकि मतदान केंद्रों की अंतिम सूची जारी होने के बाद ही वास्तविक स्थिति स्पष्ट होगी.

एक केंद्र के क्रमांक में ही बदलाव का प्रस्ताव

प्रस्तावित सूची में बहियारडीह से संबंधित एक मतदान केंद्र के केवल क्रमांक में परिवर्तन का प्रस्ताव है. वहीं अन्य प्रस्तावित बदलावों में वर्तमान मतदान केंद्र के स्थान पर नये भवनों और परिसरों को चिह्नित किया गया है.

प्रस्तावित सूची में दलुडीह पंचायत के नया प्राथमिक विद्यालय पियरसरा, मांझी हाउसबागदहा के किसान भवन बरवाडीह, मोहलीडीह के बीसीसीएल कम्युनिटी हॉल न्यू खटाल, नगरीकला उत्तर के सामुदायिक भवन भुइयां पहाड़ और आंगनबाड़ी केंद्र नायकडीह समेत कई केंद्रों के स्थान परिवर्तन का उल्लेख है.

मतदान केंद्रों के पुनर्गठन का यह प्रस्ताव अभी अंतिम सूची नहीं है. निर्धारित प्रक्रिया के तहत प्रस्ताव पर विचार के बाद अंतिम मतदान केंद्रों की सूची जारी की जाएगी.

ये भी पढ़ें: बाइक और टोटो से कोयला चोरी का भंडाफोड़: CISF की 1000 से ज्यादा रेड में 2655 टन अवैध कोयला जब्त

प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By Ranjit singh baghmara

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.
Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >