गुंडा पंजी में दर्ज होंगे 202 अपराधियों के नाम
धनबाद पुलिस ने 382 अपराधियों के नाम का भेजा था प्रपोजल
वरीय संवाददाता, धनबाद,
लूट, डकैती, छिनतई, छेड़खानी, आर्म्स एक्ट समेत अन्य मामलों में शामिल रहे 202 बदमाशों के नाम गुंडा पंजी में दर्ज किये जायेंगे. इसके लिए धनबाद पुलिस ने 382 बदमाशों का प्रपोजल सलाहकार समिति को भेजा था. लेकिन फिलहाल 202 की ही स्वीकृति मिली है. गुंडा पंजी में दर्ज इन सभी अपराधियों से पुलिस बांड डाउन करायेगी और चुनाव के दौरान गड़बड़ी करने पर सख्त कार्रवाई करेगी. एसएसपी एचपी जनार्दनन ने बताया कि पुलिस ने गुंडा पंजी में जमानत पर निकले अपराधियों का भी नाम दर्ज किया है. पूर्व के चुनाव के अलावा नये अपराधियों का नाम भी जोड़ा गया है. वहीं सीआरपीसी की धारा 107 के तहत 3299, धारा 108 के तहत 67 और धारा 110 के तहत 200 लोगों पर कार्रवाई की गई है. 17 पर सीसीए, 72 पर सर्विलांस प्रोसिडिंग की कार्रवाई की गई है. बता दें कि लोकसभा चुनाव शांतिपूर्ण संपन्न करने के लिए धनबाद पुलिस अपराधियों पर नकेल कसने में जुटी है. अबतक पुलिस ने विभिन्न मामलों से जुड़े 4126 लोगों को चिह्नित कर अलग-अलग कार्रवाई की है.
17 अपराधियों पर लगाया गया सीसीए:
एसएसपी ने बताया कि 66 अपराधियों के खिलाफ क्राइम कंट्रोल एक्ट (सीसीए) लगाने का प्रस्ताव पुलिस की ओर से सलाहकार समिति को दिया गया था. इसमें से 17 अपराधियों के खिलाफ सीसीए लगाने की मंजूरी मिली है. वहीं, 232 अपराधियों के विरुद्ध सर्विलांस प्रोसिडिंग के तहत प्रपोजल भेजा गया था. इसमें 72 के विरुद्ध स्वीकृति मिली है. पुलिस सर्विलांस सिस्टम के जरिए ऐसे अपराधी पर पैनी नजर रखेगी.